गुजराती समाज ने नवरात्रि के प्रथम दिवस अपने पूर्वजों को याद किया
छिंदवाड़ा
12-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

नवरात्रि के प्रथम दिवस गुजराती समाज भवन में भव्य साज सज्जा के बीच मां का प्रतीक स्वरूप गरबे की स्थापना की गई। स्थापना पश्चात रात्रि 8.30 मां भगवती की स्तुति के साथ आरती और फिर बुजुर्गों के द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया और राज गरबा प्रारंभ किया गया। गरबा में नन्हे बालक-बालिकाओं द्वारा विविध वेशभूषा और धार्मिक पात्र के रूप में गरबा करते हुए अपनी अनूठी प्रस्तुति दी प्रोत्साहन स्वरूप सभी बच्चों को पुरस्कार दिए गए।
रात्रि 10 बजे 1961 की प्रबंध समिति के समस्त 16 सदस्यों की फोटो से सुसज्जित विशाल फोटो फ्रेम का अनावरण अध्यक्ष अश्वनी भट्ट द्वारा किया गया। ये वे सदस्य थे जिन्होंने 1961 में गुजराती समाज के संविधान को रचा और रजिस्ट्रार फॅर्म एंड सोसाइटी से समिति को पंजीकृत कराया। आज इनमें से कोई भी जीवित नहीं है लेकिन उनके द्वारा समाज के लिए दूरदर्शी सोच और किए गए कार्यों को याद करते हुए प्रबंध समिति द्वारा उन्हें सम्मान देने के उद्देश्य से विशाल फोटो फ्रेम लगाई गई। समाज के प्रत्येक सदस्य के लिए यह क्षण भावुक कर देने वाला रहा। उन 16 सदस्यों की पीढ़ी समाज में उपस्थित थी और अपने पूर्वजों द्वारा सामाज के लिए किए गए कार्यों को लेकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही थी। समस्त 16 परिवारों को समाज में लगाई गई विशाल फोटो फ्रेम की अनुकृति समाज के संरक्षक मोहन भाई गौरी तथा सुरेश भाई मेहता द्वारा भेंट की गई। कार्यक्रम के अंत में मोहन भाई द्वारा इस कार्य हेतु प्रबंध समिति को धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा इस कार्य को मूर्त रूप प्रदान करने हेतु मनीष भट्ट का सम्मान किया गया।