Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

गेहूं उपार्जन में सरकार पूरी तरह असफल: किसान कांग्रेस

गेहूं उपार्जन में सरकार पूरी तरह  असफल:  किसान कांग्रेस
छिंदवाड़ा
29-Apr-26
छिन्दवाड़ा

वर्तमान केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार गेहूं उपार्जन में पूरी तरह असफल हो गई है। प्रदेश और जिले का किसान पूरी तरह त्रस्त हो गया है। गेहूं उपार्जन केन्द्रों पर पंजीयन, स्लॉट बुकिंग, सत्यापन, भुगतान तुलाई व सेम्पल लेने जैसी सभी प्रक्रियाओं मे केन्द्रों में भारी अव्यवस्थाएं व्याप्त है।  जिला किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने भाजपा सरकार को घेरते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा इन मुद्दों को किसानहित में किसान कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष उठाया है।

किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए उसे झूठा मनगढ़ंत, तथ्यहीन और किसानों का अपमान करने वाला बताया है। जबकि गेहूं उपार्जन केन्द्रों पर वास्तविकता उनके बयान के विपरित है। केन्द्रों पर किसानों की सुध लेने की उन्हें परवाह नहीं है। केन्द्रों पर पेयजल व्यवस्था व छाया के पर्याप्त इंतजाम नहीं है। चिलचिलाती धूप में किसान खड़े होकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहा है। अव्यवस्थाओं का सामना कर रहे किसान अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहा है। मक्का उपज का 2400 रुपए प्रति क्विंटल का दाम नहीं मिला। किसानों ने मजबूरी में 12 सौ रुपए प्रति क्विंटल के दाम से मंडियों में मक्का बेचा। भाजपा सरकार 2700 रुपए प्रति क्विटल गेहूं खरीदी के वादे से भी मुकर गई। खाद के लेने के लिए भी किसानों को आंदोलन और धरना प्रदर्शन करना पड़ा। नरवाई जलाने के नाम पर किसानों पर प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो किसान कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी जिसकी सम्पूर्ण जवाबदारी प्रशासन की होगी।
Share News On