गांधी जयंती पर गायत्री परिवार का जन-जागरण कार्यक्रम
छिंदवाड़ा
30-Sep-26
छिंदवाड़ा

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के मार्गदर्शन में 2 अक्टूबर, शुक्रवार को सामूहिक प्रार्थना एवं जन-जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति के अशोक माहोरे ने बताया कि कार्यक्रम का थीम “स्वच्छता से संसार, सेवा से सद्भाव, अहिंसा से शांति” रखा गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वच्छता, सेवा, सद्भाव एवं अहिंसा के संस्कारों को जागृत करना है।
कार्यक्रम दोपहर 3 से 5 बजे तक वाल्मीकि गुरुद्वारा, खिरका मोहल्ला, संत रविदास वार्ड, छिंदवाड़ा में होगा। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, दीप यज्ञ, गांधीवादी मूल्यों पर जन-संवाद तथा राष्ट्र की सुख-शांति हेतु सामूहिक प्रार्थना की जाएगी। आयोजकों ने समस्त नगरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।