Home News Helpline Classified Jobs About Contact

विश्व रेबीज दिवस पर लगेगा कुत्तों को निःशुल्क एंटी रेबीज इंजेक्शन

विश्व रेबीज दिवस पर लगेगा कुत्तों को निःशुल्क एंटी रेबीज इंजेक्शन
छिंदवाड़ा
26-Sep-26
छिन्दवाडा

उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ.एच.जी.एस. पक्षवार ने बताया कि 28 सितंबर 2026 को विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर जिला पशु चिकित्सालय छिंदवाड़ा में विशाल निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर को व्यापक और सफल बनाने के लिए विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं डॉक्टरों की टीम की ड्यूटी लगाई गई है।

ये डॉक्टर देंगे सेवाएं

शिविर का आयोजन प्रातः 9.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक जिला पशु चिकित्सालय छिंदवाड़ा में किया जाएगा। शिविर के सुचारु संचालन के लिए सिविल सर्जन डॉ. ज्योति पेंद्रे, डॉ. प्राची चड्ढा, डॉ. छत्रपाल टांडेकर, डॉ. नेहा साहू, डॉ. मारिया लाल, डॉ. रवींद्र नागले (एस.वी.एस.), डॉ. पंकज माहोरे (वी.ए.एस.), डॉ. कृष्णा पेंद्रे (वी.ए.एस.) सहित अन्य डॉक्टरों एवं तकनीकी स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा श्री प्रदीप उइके, श्री देवीशंकर मरापा, कुमारी प्रियंका बेलिया, श्रीमती रूपाली कुशराम (ए.वी.एफ.ओ.), श्री जैनेंद्र उइके (ए.वी.एफ.ओ.) और श्री रामदास पवार (ए.वी.एफ.ओ.) भी शिविर में अपनी सेवाएं देंगे। जिला पशु चिकित्सालय का समस्त स्टाफ भी शिविर के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

पशुपालक रखें इन बातों का ध्यान

उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ.पक्षवार ने सिविल सर्जन एवं मुख्य पशु चिकित्सालय के साथ समन्वय स्थापित कर शिविर को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि शिविर में लाए जाने वाले सभी पालतू कुत्तों को मजबूत पट्टे) और मुंह पर मज्जल (मुखौटा) बांधकर ही लाएं, ताकि शिविर स्थल पर वे किसी व्यक्ति या पशु पर हमला न कर सकें। यदि पशु का पूर्व में टीकाकरण हुआ है, तो उसका पुराना टीकाकरण कार्ड या रिकॉर्ड भी साथ लाने की अपील की गई है। उप संचालक डॉ. पक्षवार ने जिले के समस्त जागरूक नागरिकों एवं पशुपालकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण मुहिम का हिस्सा बनें और अपने पालतू डॉग्स व कैट्स का एंटी रेबीज टीकाकरण करवाकर उन्हें तथा अपने परिवार को सुरक्षित बनाएं।
Share News On