सांवरी में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर दिया धरना
राजनीति
12-Oct-26
जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने व बिजली समस्याओं के निराकरण की मांग

छिन्दवाड़ा अपडेट
पांढुर्ना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांवरी ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन किया। किसानहित में कांग्रेस ने सड़क पर उतकर प्रदर्शन किया। जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने सहित बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रस्तुत किया।
धरना प्रदर्शन व आंदोलन में क्षेत्र को कम वर्षा के कारण हुए नुकसान के लिए सूखाग्रस्त घोषित किए जाने, फसल बीमा और मुआवजा दिए जाने, मक्का को समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ करवाने की मांग की साथ ही बिजली की अघोषित कटौती के खिलाफ व्याप्त आक्रोश को देखते हुए कटौती तत्काल बंद किए जाने व कम से कम 10 घण्टे नियमित बिजली सप्लाई दिए जाने व बिजली बिलों में सुधार की मांग सहित अन्य मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार व कनिष्ठ यंत्री को सौंपा।
आयोजित आंदोलन को पांढुर्ना विधायक निलेश उइके, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह, पर्यवेक्षक दिगम्बर ठाकरे, रामकृष्ण माटे, लखीचंद पवार, दुबेलाल चन्द्रवंशी, ईवरदास वाडिवा ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर दीनदयाल यदुवंशी, सदाशिव धुर्वे, बाजीलाल कुमरे, प्रमोद सूर्यवंशी, रितेश लाडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।