सड़क सुरक्षा ऑडिट के लिए भोपाल से पहुंची विशेषज्ञ टीम
छिंदवाड़ा
08-Jul-26
शहर के प्रमुख चौराहों व रेड स्पॉट का किया निरीक्षण

छिन्दवाडा
सड़क सुरक्षा समिति छिंदवाड़ा द्वारा निर्धारित एजेंडा एवं कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार बुधवार को सड़क सुरक्षा ऑडिट किया गया। एमपीआरडीसी भोपाल एवं डी.डी.एच.आई. के संयुक्त प्रयासों से संचालित सड़क सुरक्षा अभियान के तहत भोपाल से विशेषज्ञों की एक टीम छिंदवाड़ा पहुंची।
विशेषज्ञ टीम ने नगर निगम क्षेत्र के शास्त्री चौराहा एवं खजरी चौराहा का तकनीकी आधार पर विकास किए जाने के उद्देश्य से स्थल निरीक्षण किया। इसके साथ ही परासिया मार्ग स्थित छिंदवाड़ा नगरीय क्षेत्र में यातायात दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुगम यातायात संचालन के लिए मेडियन गैप बंद किए जाने संबंधी उचित सुझाव तैयार करने के लिये भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस यातायात शाखा द्वारा चिन्हित रेड स्पॉट्स का भी निरीक्षण किया गया। इन रेड स्पॉट्स में वे स्थान शामिल हैं, जहां सड़क दुर्घटनाओं में दो या दो से अधिक व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। निरीक्षण के दौरान सड़क विकास निगम एवं नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के अधिकारी भी उपस्थित थे।