भारत में पिछले बारह वर्षों में रोजगार के अवसर बढे: बंटी विवेक साहू
राजनीति
29-Sep-26
नेशन फर्स्ट पॉलिसी रिसर्च सेंटर द्वारा आयोजित विशेष कार्यशाला में शामिल हुये सांसद

छिंदवाड़ा अपडेट
इंडिया हैबिटेट सेंटर गुलमोहर हॉल नई दिल्ली में मंगलवार को नेशन फर्स्ट पॉलिसी रिसर्च सेंटर द्वारा विकसित भारत 2047 के तहत एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में सांसद बंटी विवेक साहू प्रमुख रूप से शामिल हुये। इस कार्यशाला में रोजगार और नए कारोबार के अवसर बढ़ाने, औद्योगीकरण और कारोबार के नए क्षेत्रों के विस्तार से रोजगार में होने वाले बदलाव तथा युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कार्यशाला मे प्रमुख वक्ताओं ने अपनी बात रखी, जिसमें उन्हांेने बताया कि विकसित भारत 2047 का मुख्य लक्ष्य भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है, जिसके लिए एक कुशल और उत्पादक कार्यबल का होना अत्यंत आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि इंडिया हैबिटेट सेंटर गुलमोहर हॉल नई दिल्ली में मंगलवार को नेशन फर्स्ट पॉलिसी रिसर्च सेंटर द्वारा चुनिंदा सांसदों के लिए एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि नई दिल्ली में नेशन फर्स्ट पॉलिसी रिसर्च एंड चेंज फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्ट्रॉन्गिंग इंडिया एम्प्लॉयमेंट आर्किटेक्चर फॉर विकसित भारत 2047 विषयक महत्वपूर्ण सत्र में सहभागी बनने का अवसर प्राप्त हुआ। सत्र में भारत की रोजगार व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों के सृजन, कौशल विकास तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार तंत्र को तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक युवा को उसकी क्षमता के अनुरूप अवसर प्रदान करने का संकल्प भी है। हमारी युवा शक्ति की प्रतिभा, कौशल और ऊर्जा को सही दिशा और अवसरों से जोड़कर ही आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि पिछले बारह वर्षों में भारत में रोजगार के क्षेत्र में काफी बदलाव आया है। वर्ष 2014-15 से 2023-24 के बीच रोजगार में 17.1 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। रोजगार दर भी 2017-18 में 46.8 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 57.4 प्रतिशत हो गई है, जबकि बेरोजगारी दर 7 प्रतिशत से घटकर 3.1 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला के दौरान नए कारोबार को बढ़ावा देने, अधिक लोगों को औपचारिक रोजगार से जोड़ने, निवेश और बुनियादी ढांचे को बढ़ाने, प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई, साथ ही शिक्षा और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल किस तरह रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को काम के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद कर सकते हैं इसे लेकर भी चर्चा हुई है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि नेशन फर्स्ट पॉलिसी रिसर्च सेंटर की स्थापना साक्ष्य-आधारित शासन को आगे बढ़ाने और राष्ट्र-प्रथम दृष्टिकोण से नीति कार्यान्वयन को मजबूत करने के लिए की गई है। पिछले तीन वर्षों में नेशन फर्स्ट पॉलिसी रिसर्च सेंटर ने विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण के प्रति समर्पित सांसदों और विधायकों के साथ मिलकर काम किया है। जिसमें शोध-आधारित अंतर्दृष्टि और रणनीतिक नीति सहायता प्रदान की है, जो राष्ट्रीय विकास की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाती है। यह कार्यशाला विकसित भारत /2047 के संकल्प को साकार करने, श्रमिकों एवं युवाओं के हितों को समझने तथा जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।