Home News Helpline Classified Jobs About Contact

अनाथ जरूरतमंद विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री

अनाथ जरूरतमंद विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री
शिक्षा
10-Oct-26
सेव संकल्प अभियान अंतर्गत मानवीय एवं शैक्षणिक कार्यक्रम

छिंदवाड़ा अपडेट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत शनिवार को पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छिंदवाड़ा में जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री एवं उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम में सांसद विवेक बंटी साहू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने विद्यार्थियों को सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से ऐसे बच्चों को उपहार एवं आवश्यक सामग्री प्रदान की गई, जिनके माता-पिता अब उनके बीच नहीं हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को अपनत्व का एहसास कराना, उनकी आवश्यकताओं में सहयोग देना तथा उन्हें शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और भविष्य को संवारना हम सभी का सामाजिक दायित्व:विवेक बंटी साहू

सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि बच्चों की शिक्षा, उनका आत्मविश्वास और उनका उज्ज्वल भविष्य समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने जैसे प्रयास उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को समझना और यथासंभव उनकी सहायता के लिए आगे आना है। बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

सेवा का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाकर उनके जीवन में आशा और आत्मविश्वास जगाना है: शेषराव यादव

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर संचालित सेवा संकल्प अभियान सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत जरूरतमंद विद्यार्थियों को सामग्री वितरित करना केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके मन में विश्वास और भविष्य के प्रति आशा जगाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उन्हें यह एहसास कराना कि समाज उनके साथ खड़ा है, सच्ची सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। समाज के सक्षम लोगों को भी जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता, शिक्षा को प्रोत्साहन, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण सहित जनकल्याण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला महामंत्री विजय पांडे, जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, कार्यक्रम प्रभारी धर्मेंद्र मिगलानी, जिला कार्यालय मंत्री भारत घई, जिला मंत्री गरिमा दामोदर, मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, लीला बिजौलिया, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष रिजवान कुरैशी, राजू नरोटे, माइकल पहाड़े, चंदू जैन, कुणाल शर्मा सहित  विद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
Share News On

जीवन में ऐसी कोई चीज नहीं है जिससे डरा जाये जरूरत केवल उसे समझने की है.!