Home News Helpline Classified Jobs About Contact

ईको क्लब प्रभारियों को दिया जैव विविधता संरक्षण पर प्रशिक्षण

ईको क्लब प्रभारियों को दिया जैव विविधता संरक्षण पर प्रशिक्षण
शिक्षा
29-Jul-26
जल, जैव विविधता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर कार्यशाला आयोजित

छिंदवाड़ा

पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) एवं विप्रो अर्थियन फाउंडेशन, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में जिलेभर के ईको क्लब प्रभारी शिक्षकों के लिए जल, जैव विविधता संरक्षण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण से संबंधित नवाचारी गतिविधियों से जोड़ना तथा विद्यार्थियों में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में एप्को भोपाल के पर्यावरण शिक्षा अधिकारी दिलीप चक्रवर्ती ने रोचक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण शिक्षा के उद्देश्यों को प्रस्तुत किया। सहायक संचालक शिक्षा पी.एन. मेश्राम ने विद्यालयों में ईको क्लब की गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित कर विद्यार्थियों को जल संरक्षण और जैव विविधता से जोड़ने का आह्वान किया।

जेल अधीक्षक प्रतीक जैन ने जिला जेल में पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि हम प्रकृति से बहुत कुछ लेते हैं, अब उसे लौटाने का समय है। उन्होंने जेल के बंदियों द्वारा तैयार किए गए पक्षियों के आश्रय एवं दाना पात्रों का प्रदर्शन किया तथा जेल परिसर में नर्सरी विकसित कर पौधों का वितरण करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

विप्रो फाउंडेशन के आशीष शाह ने जल संरक्षण, जैव विविधता और कचरा प्रबंधन विषय पर चित्रों, उदाहरणों एवं अध्ययन सामग्री के माध्यम से शिक्षकों को विस्तृत जानकारी दी। ईको क्लब के जिला नोडल अधिकारी विनोद तिवारी ने जिले में संचालित पर्यावरणीय गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

कार्यशाला के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिले के पर्यावरणविदों को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों के ईको क्लब प्रभारी शिक्षकों को प्रशिक्षण एवं आवश्यक शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई।

विश्व बाघ दिवस के अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों ने बाघ संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय के छात्र अभ्युदय कटरे द्वारा देश के विभिन्न राष्ट्रीय उद्यानों के बाघों पर आधारित तैयार की गई पुस्तक के कवर पृष्ठ का विमोचन भी अतिथियों के हाथों किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।
Share News On