कांग्रेस के प्रयासों से शहरी क्षेत्र के किसान भाइयों को मिली बड़ी राहत
राजनीति
16-Sep-26
कृषि पम्पों पर लगे स्मार्ट मीटर पर अतिरिक्त सुरक्षा निधि तत्काल हटाने की कार्रवाई के दिए निर्देश

छिन्दवाड़ा
कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल सतत रूप से विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारियों से स्मार्ट मीटर और उस पर लगाई गई अतिरिक्त सुरक्षा निधि हटाने की मांग पर अड़ा हुआ है। कांग्रेस की एक मांग को पूरा करने के निर्देश अधीक्षण अभियंता ने अधिनस्थ अधिकारी को दिए हैं। कांग्रेस ने किसान भाइयों को आश्वस्त किया है कि जल्द ही स्मार्ट मीटर की समस्या का भी हल निकाला जाएगा।
कांग्रेस जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने अधीक्षण अभियंता पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी वृत छिन्दवाड़ा को ज्ञापन प्रस्तुत किया। जिसमें उल्लेख किया गया है कि 22 अगस्त को कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने शहरी क्षेत्र के किसान भाइयों की बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किया था। लेकिन मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में प्रतिनिधि मंडल ने पुनः मुलाकात कर अवगत कराया कि शहरी क्षेत्र में किसानों के कृषि पम्प कनेक्शनों से स्मार्ट मीटर निकाले जाए साथ ही बार-बार ली जा रही सुरक्षा निधि वापस की जाए। फ्लैट रेट पर बिजली उपलब्ध कराने, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने व बढ़े हुए बिजली बिलों में सुधार किए जाने सहित झुलते हुए बिजली के तारों व कृषि उपकरणों में सुधार की मांग की गई।
कांग्रेस के द्वारा की गई मांगों को दृष्टिगत रखते हुए अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार सिन्हा ने तत्काल कार्यवाही करते हुए कार्यपालन अभियंता महेश कुमार साहू को प्रतिनिधि मंडल के समक्ष चर्चा हेतु बुलाया एवं निर्देश दिया कि बिजली बिलों की विसंगतियों, कृषि पम्पों पर लगे स्मार्ट मीटर से अतिरिक्त सुरक्षा निधि को तत्काल आज ही हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य रूप से कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मुकेश उपाध्याय, भैयाजी शिवारे, शैलेन्द्र उर्फ शैलू सेंगर, अभिषेक बबला पटेल, महेश अल्डक, शेखर अल्डक व शिवराज चौरे, राहुल दुबे, उज्जवल भोपे, राजेन्द्र नाथ, नारू सोनी व कमल यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।