Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा दौरे पर आए डीआरएम, टाटानगर नई ट्रेन की मांग

 छिंदवाड़ा दौरे पर आए डीआरएम, टाटानगर नई  ट्रेन की मांग
छिंदवाड़ा
04-Jul-26
सांसद प्रतिनिधि सत्येन्द्र ठाकुर ने की मुलाकात

टीटी स्टॉफ और सुरक्षा बल बढ़ाने की मांग रखी

छिंदवाड़ा

जिले के रेल यात्रियों द्वारा छिंदवाड़ा से टाटानगर तक नई ट्रेन की मांग सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से जल्द ही पूरी हो सकती है, साथ ही छिंदवाड़ा से मंडला तक चलने वाली पेंसेजर ट्रेन में जनरल कोच जल्द ही बढ़ सकते है। छिंदवाड़ा दौरे पर आए डीआरएम दीपक गुप्ता से सांसद प्रतिनिधि एवं रेलवे जोनल सदस्य सत्येन्द्र ठाकुर ने मुलाकात करते हुए उन्हें टाटानगर ट्रेन को छिंदवाड़ा तक विस्तार करने और छिंदवाड़ा से मंडला चलने वाली ट्रेन में यात्रियों की संख्या को देखते हुए जनरल कोच बढ़ाने की मांग करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू की ओर से उन्हें एक पत्र सौंपा है। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि सत्येन्द्र ठाकुर ने डीआरएम के समक्ष छिंदवाड़ा से संचालित होने वाली ट्रेनों में टीटी स्टॉफ एवं सुरक्षा बल बढ़ाने की मांग भी की है।

उल्लेखनीय है कि सांसद प्रतिनिधि एवं रेलवे जोनल सदस्य सत्येन्द्र ठाकुर से मुलाकात के दौरान डीआरएम दीपक गुप्ता ने बताया कि टाटानगर ट्रेन का छिंदवाड़ा तक विस्तार किए जाने के प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा से मंडला तक चलने वाली पैंसेजर ट्रेन में कोचों की उपलब्धता के आधार पर शीघ्र ही कोच बढ़ाए जाएगें।ट्रेनों में टीटी स्टॉफ और सुरक्षा बल बढ़ाने की मांग पर डीआरएम दीपक गुप्ता ने कहा कि इसके लिए भी प्रयास किए जाएगें। सत्येन्द्र ठाकुर ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही नागपुर मंडल द्वारा छिंदवाड़ा रेल प्रबंधक को पत्र भेजते हुए टाटानगर ट्रेन का छिंदवाड़ा तक विस्तार की संभावनाओं को लेकर छिंदवाड़ा से नागपुर तक चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या सहित अन्य विवरण मांगा गया था। 

सांसद पत्र के माध्यम से डीआरएम को दी विस्तृत जानकारी

टाटानगर इतवारी के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18109 / 10 टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस को छिन्दवाड़ा तक विस्तारित करने के संबंध में सांसद बंटी विवेक साहू ने सांसद प्रतिनिधि सत्येन्द्र ठाकुर के माध्यम से पत्र सौंपा है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि मेरी लोकसभा क्षेत्र के छिन्दवाडा-पाण्डुर्णा अब रेलवे मंत्रालय की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की वजह से रेल सुविधाओं से सम्पन्न होता जा रहा है। किन्तु अभी भी छिन्दवाडा से रायपुर, बिलासपुर खण्ड में कोलकाता मार्ग पर कोई सीधी रेलगाड़ी नहीं है, जबकि इस ओर जाने वाले यात्रियों की बहुत बड़ी संख्या है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि छिन्दवाडा को महानगरों से सीधे जोड़ने के लिए इसके पूर्व भी पत्र लिखे गए थे।

सांसद बंटी विवेक साहू ने डीआरएम को दिए गए पत्र में लिखा है कि टाटानगर-इतवारी के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18109/10 टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस टाटानगर से चलकर इतवारी स्टेशन सुबह 5 बजे पहुंचती है एवं 17 घंटे 5 मिनट रूककर वापस रात्रि 12.05 पर टाटानगर के लिए निकलती है। नागपुर में दिनभर खड़े रहने वाले रैकों को डीजल इंजन से आसपास के 50 किलोमीटर तक के छोटे स्टेशनों पर रखा जाता है और इसमें डीजल इंजन दिन पर चालू रहता है। उक्त गाडी को छिन्दवाडा तक बढाने से नागपुर एवं जबलपुर में खड़े रहने वाले रेकों का सदुपयोग हो सकेगा। साथ ही जिलेवासियों को नागपुर, रायपुर, टाटानगर, कोलकाता तक की रेल से आवागमन की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने पत्र में लिखा है कि टाटानगर एक्सप्रेस ट्रेन को इतवारी नागपुर से बढ़ाकर छिन्दवाडा तक करने का कष्ट करें ताकि जिले के रेलयात्रियों को कोलकाता एवं अन्य पूर्वी शहरों तक की सीधी रेल सुविधा मिल सके।
Share News On