डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवाद की वैचारिक नींव को मजबूत किया: दुर्गादास उइके
राजनीति
04-Jul-26
सेवा, समर्पण और संगठन ही डॉ. मुखर्जी के जीवन का मूल मंत्र था: आदित्य बबला शुक्ला
राष्ट्रहित के लिए सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया डॉ. मुखर्जी ने: शेषराव यादव

छिंदवाड़ा
भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन शनिवार को स्थानीय अग्रवाल पैलेस में केंद्रीय राज्य मंत्री, जनजातीय कार्य मंत्रालय दुर्गादास उइके, भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित विभिन्न विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया तथा कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को आत्मसात कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।
राष्ट्रवाद ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद के प्रखर पुरोधा थे। उन्होंने 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना कर देश को वैचारिक राजनीति की नई दिशा दी। उनका स्पष्ट विश्वास था कि भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे का उनका संकल्प आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्रहित के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है।
राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और जनकल्याण सर्वोपरि
भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी तथा सत्ता से अधिक संगठन और कार्यकर्ता निर्माण को महत्व दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसकी वैचारिक नींव डॉ. मुखर्जी जैसे महापुरुषों के त्याग, तप और संगठनात्मक दृष्टि पर आधारित है। प्रत्येक कार्यकर्ता को सेवा, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र को अपनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करना चाहिए।
देश के औद्योगिक विकास में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने केंद्रीय मंत्री के रूप में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विषय पर कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में उन्होंने देश के औद्योगिक विकास की मजबूत आधारशिला रखी। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को प्रारंभिक दौर में ही दिशा दी तथा राष्ट्रहित के प्रश्न पर सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का त्याग, राष्ट्रभक्ति और अटूट संकल्प प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके विचारों को आत्मसात कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यकर्ता सम्मेलन में मंच संचालन कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री कमलेश उइके एवं आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री विजय पांडे के द्वारा किया गया। इस अवसर पर अमरवाड़ा के विधायक राजा कमलेश शाह, नगर निगम महापौर विक्रम अहके, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, पूर्व विधायक रमेश दुबे, पूर्व विधायक नत्थनशाह शाह, पूर्व विधायक ताराचंद बावरिया, पूर्व विधायक हरिशंकर उइके,पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश पोफली, अरुण कपूर, दिनेश अंगरिया, जिला महामंत्री कमलेश उइके, विजय पांडे, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी अनुज शंकरलाल पाटकर, विजय झाझरी, लखन वर्मा, प्रियवर सिंह ठाकुर, टीकाराम चंद्रवंशी, भारत घई, संजय पटेल सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठों के जिला संयोजक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता उपस्थित रहे।