भाजपा की तरह झूठ मत बोलना, हर काम को पूरी ईमानदारी के साथ करना- नकुलनाथ
छिंदवाड़ा
31-Jul-25
एनएसयूआई राजनीतिक जीवन की पहली सीढ़ी है
छिन्दवाड़ा
राजीव भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्ना जिला एनएसयूआई के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने जहां एक ओर उपस्थित युवाओं में जोश भरा तो वहीं भाजपा सरकार को भी विभिन्न मुद्दो पर जमकर घेरा। छात्र संगठन में नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए।कार्यक्रम में उन्होंने एनएसयूआई के पदाधिकारियों से कहा कि राजनीति ही नहीं, जो भी काम करें पूरी ईमानदारी के साथ करें, भाजपा की तरह झूठ मत बोलिएगा।आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए नकुलनाथ ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए स्वयं को कभी कमजोर ना समझें। आमजन से जुड़े मुद्दों को पूरी ताकत के साथ उठाएं, जिले में खाद का संकट, निगम के द्वारा जनता पर थोपे गए बढ़े हुए टैक्स पर मुखर होकर बोलें।

भाजपा की सरकार ने हमेशा ही छिन्दवाड़ा के साथ सौतेला व्यवहार किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मेडिकल कॉलेज के लिए 14 सौ करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे। सत्ता में आते ही भाजपा ने उसे आधा कर दिया। विश्वविद्यालय के साथ भी यही हुआ, आज पड़ोस के अन्य जिलों से तुलना करें वहां पूरी गति से विकास हो रहा और हमारे यहां विकास थमा हुआ है। देश में छिन्दवाड़ा इकलौता ऐसा संसदीय क्षेत्र है जहां सर्वाधिक स्किल सेन्टर स्थित है, केन्द्रीय विद्यालय है। उन्होंने उपस्थित युवाओं से कहा कि सभी स्किल सेन्टर देखें इससे अंदाजा होगा कि माननीय कमलनाथ जी और मैंने छिन्दवाड़ा के लिए क्या किया है। यहां से प्रशिक्षण उपरांत रोजगार के अवसर खुल जाते हैं।
स्कूल है तो शिक्षक नहीं, शिक्षक है तो बिल्डिंग नहीं
शासकीय स्कूलों की हालत देखिए। स्कूल है तो शिक्षक नहीं, शिक्षक है तो स्कूल की बिल्डिंग नहीं और अगर बिल्डिंग है तो वह जर्जर या फिर खंडहर हो चुकी। धर्म को राजनीति के मंच पर लाती है, मुद्दों से जनता को भटकाती है। चुनाव से पहले सांसद ने क्या कहा था 35 हजार लोगों को रोजगार देंगे, अभी तक कितने युवाओं को रोजगार दिए पूछें। हमने इंदौर से लेकर अमेरिका तक युवाओं को रोजगार दिलाया, सभी की सूची है। इस सूची के साथ ही स्किल सेन्टरों की जानकारी स्कूल व कॉलेज के छात्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी एनएसयूआई की है। आयोजित बैठक में छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिला एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।