गुमनाम लोगों से प्राप्त ओटीपी न करें शेयर: कंचन राजपूत
शिक्षा
16-Oct-26
दुर्घटना से बचने के लिए यातायात नियमों का करें पालन: बघेल
शासकीय एमएलबी स्कूल में साइबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

छिंदवाड़ा
वर्तमान समय में बड़ी संख्या में आमजन साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं, लेकिन यदि नागरिक जागरूक रहें तो इससे आसानी से बचा जा सकता है। साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे 24 प्रमुख तरीकों जैसे डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, फर्जी लोन ऐप फ्रॉड, रोमांस फ्रॉड, कार्ड क्लोनिंग, फर्जी कस्टम केयर, केवाईसी अपडेट फ्रॉड और ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड से बचाव के प्रति लोगों को सचेत करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शासकीय एमएलबी स्कूल में सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी, नवांकुर संस्था एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
साइबर सुरक्षा व सड़क नियमों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी टीआई श्रीमती कंचन राजपूत एवं साइबर एक्सपर्ट श्री चंद्रवंशी ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सख्त हिदायत दी। वहीं, यातायात विभाग से अर्जुन सिंह बघेल एवं आनंद रघुवंशी ने हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने सहित यातायात नियमों के पालन की महत्ता बताते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी।
विशिष्ट जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का संयोजन संदीप अग्निहोत्री ने किया। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष चंद्रकांत विश्वकर्मा, प्राचार्या श्रीमती अलका श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सुश्री आराधना शुक्ला, प्रवक्ता डॉ. डी.एस. चौरे, विधि सलाहकार मुकेश दीक्षित, एनएसएस प्रभारी श्रीमती निहारिका शिवकर, विजय बहादुर वर्मा, डॉ. पवन नेमा, आयशा लोधी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।