जिला भाजपा सोशल मीडिया में पीयूष और पवन को दी जिम्मेदारी
छिंदवाड़ा
23-Mar-26
छिंदवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भाजपा सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी द्वारा जिले में नई नियुक्तियां की गई हैं। जारी नियुक्ति के अनुसार पीयूष बत्रा को भाजपा सोशल मीडिया जिला संयोजक एवं पवन गोस्वामी को जिला सह संयोजक का दायित्व सौंपा गया है। इन नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की अपेक्षा जताई जा रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने दोनों नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया वर्तमान समय में संगठन का सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सकता है।
जिलाध्यक्ष ने अपेक्षा व्यक्त की कि नव-नियुक्त पदाधिकारी समर्पण और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।