Home News Helpline Classified Jobs About Contact

S.I.R. के दौरान विलोपित नामों के सत्यापन किए जाएंगे

S.I.R. के दौरान विलोपित नामों के सत्यापन किए जाएंगे
छिंदवाड़ा
07-Oct-26
नए मतदाताओं के नाम जोड़ने विशेष शिविर 7 से 9 अक्टूबर तक

छिन्दवाडा अपडेट

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा S.I.R. के दौरान निर्वाचक नामावली से विलोपित किए गए मतदाताओं के सत्यापन के साथ पात्र मतदाताओं के नाम पुनः निर्वाचक नामावली में जोड़े जाने तथा 18-19 आयु वर्ग के नए मतदाताओं के नाम शामिल किए जाने के लिए जिले में 7, 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

मतदान केन्द्रों सहित श्रमिक बस्तियों और रैन बसेरों में लगेंगे शिविर - विशेष शिविर संबंधित मतदान केन्द्रों के साथ-साथ रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर एवं वंचित वर्ग के मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने के लिए आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में अपना नाम जुड़वाने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के साथ संलग्न किए जाने वाले घोषणा पत्र को प्रस्तुत करने की अनिवार्यता भी समाप्त कर दी गई है।

मतदाता स्वयं भी कर सकते हैं नाम की जांच एवं आवेदन - उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के मतदाताओं से अपील की है कि S.I.R. के दौरान निर्वाचक नामावली से विलोपित हुए मतदाता तथा 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाता अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर के पास उपलब्ध निर्वाचक नामावली का अवलोकन करें। यदि उनका नाम निर्वाचक नामावली में नहीं है, तो नाम जुड़वाने के लिए निर्धारित फॉर्म-6 प्रस्तुत कर सकते हैं।

मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचक नामावली में नाम की जांच एवं नाम जुड़वाने की ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। मतदाता आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज होने की स्थिति देख सकते हैं तथा नाम नहीं होने पर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
Share News On