अमरवाड़ा में क्षमा मिलन समारोह में उमड़ा जनसैलाब
धर्म
26-Sep-26
धूमधाम से मनाया गया क्षमावाणी पर्व

अमरवाड़ा (छिंदवाड़ा) अपडेट
नगर के तरण-तारण दिगंबर जैन मंदिर में क्षमावाणी पर्व बड़े ही भक्ति भाव से मनाया गया। मंदिर में विधि-विधान एवं पूजन के पश्चात भक्तों द्वारा क्षमावाणी पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान सभी ने जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से सबको क्षमा, सबसे क्षमा कहते हुए क्षमा मांगी और क्षमा प्रदान की।
तत्पश्चात श्री जैन मंदिर प्रांगण, गांधी चौक में भव्य क्षमा मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छोटों ने बड़ों से पैर छूकर क्षमा याचना की, वहीं बड़ों ने उन्हें क्षमा कर आशीर्वाद स्वरूप फल भेंट किए एवं प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा जब सामूहिक रूप से पुरुष वर्ग एवं महिला वर्ग ने पृथक-पृथक भजनों पर नृत्य कर उत्सव को आनंदमय बना दिया। पूरा मंदिर प्रांगण ष्उत्तम क्षमाष् के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र कुमार जैन सहित समस्त जैन समाज के प्रमुख जन उपस्थित रहे।