न्यायालय कर्मचारियों और बच्चों ने दी गीत-नृत्य की प्रस्तुति
छिंदवाड़ा
17-Aug-26
प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ सम्मान

छिंदवाड़ा
मप्र उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक रूसिया के निर्देशानुसार जिला एवं तहसील न्यायालयों में कर्मचारियों के स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे “उल्लास-एक अभिनव पहल” के तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय गुलमोहर लॉन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा सुशांत हुद्दार के मार्गदर्शन में सिविल कोर्ट सहकारी साख समिति मर्यादित, न्यायिक कर्मचारी संघ छिंदवाड़ा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में न्यायालयीन कर्मचारियों और उनके बच्चों ने गीत, नृत्य, नाटक एवं वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया।
विजेताओं को शील्ड और प्रमाण पत्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार “उल्लास-एक अभिनव पहल” के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें कर्मचारियों और उनके बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता सराहनीय है। ऐसे आयोजन प्रतिभागियों और मेधावी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के साथ कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाने में भी सहायक होते हैं।
इस दौरान कैरम, शतरंज, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेताओं के साथ मेधावी विद्यार्थियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला मुख्यालय छिंदवाड़ा सहित सभी तहसील मुख्यालयों के न्यायाधीश एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।