Home News Helpline Classified Jobs About Contact

27% आरक्षण को लेकर ओबीसी महासंघ की बैठक में मंथन

27% आरक्षण को लेकर ओबीसी महासंघ की बैठक में मंथन
छिंदवाड़ा
17-Aug-26
छिंदवाड़ा

राष्ट्रीय ओबीसी महासंघ की जिला स्तरीय बैठक सोमवार को वार्ड नंबर 25 बरारीपुरा स्थित माली समाज भवन में आयोजित हुई। प्रदेश अध्यक्ष निरूपा प्रवीण ब्रम्हे के नेतृत्व में हुई बैठक में जातिगत जनगणना, ओबीसी आरक्षण और महिला आरक्षण में ओबीसी महिलाओं की भागीदारी सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय ओबीसी महिला महासंघ की रत्नमाला पिसे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके प्रथम छिंदवाड़ा आगमन पर जिला माली परिषद एवं ओबीसी समाज के पदाधिकारियों ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। रत्नमाला पिसे ने महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना में ओबीसी के लिए स्वतंत्र कॉलम नहीं होने से वर्ग की वास्तविक संख्या का स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आ पाएगा। उन्होंने बताया कि ओबीसी महासंघ दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर के ओबीसी समाज को एकजुट कर संवैधानिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन की रणनीति पर काम कर रहा है।

27% आरक्षण लागू करने की मांग

रत्नमाला पिसे ने मध्यप्रदेश में ओबीसी के 27 प्रतिशत आरक्षण को लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आरक्षण में 13 प्रतिशत होल्ड हटाकर ओबीसी वर्ग को उसका पूरा 27 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। महासंघ द्वारा राज्य सरकार से लगातार मांग किए जाने के बावजूद निर्णय नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की बात कही। उन्होंने महिला आरक्षण में भी ओबीसी महिलाओं के लिए न्यायपूर्ण हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की मांग की। कहा कि देश में ओबीसी वर्ग की बड़ी आबादी होने के बावजूद वह आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है।

बैठक में भाऊराव चरपे, हरिभाऊ बाड़बुदे, ज्ञानेश्वर कनेरे, सतीश चौरे, कमलेश गोस्वामी, दिनेश घोरसे, राकेश गुप्ता और गुलवदन चौरिया सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे। सभी ने महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के विचारों से प्रेरणा लेकर समाजहित में सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के आयोजन में शुभांगी विजय घोरसे, लकी तुलसीराम चोरकर, सुरेखा राजेश गुप्ता, संगीता दिलीप चरपे सहित अन्य पदाधिकारियों की भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन एवं व्यवस्थाओं में दिलीप चरपे, विजय घोरसे, तुलसीराम चोरकर और सुरेखा राकेश गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। आभार प्रदर्शन शुभांगी विजय घोरसे ने किया।
Share News On