कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची में अधिक से अधिक नए युवाओं का नाम जोड़े: विश्वनाथ ओक्टे
राजनीति
07-Oct-26
18-19 आयु वर्ग के मतदाता का नाम जोड़ने जारी हुआ आदेश, युवा विशेष तौर पर ध्यान दें

छिन्दवाड़ा अपडेट
जिले की समस्त विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले मतदान केन्द्रों में नियुक्त बीएलओ के द्वारा 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र के निर्धारित मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर युवा अपना नाम अवश्य जुड़ाएं, ताकि मताधिकार से वंचित रहने से बच सके। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि देश के भविष्य को सरकार चुनने का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, इसीलिए सक्रियता के साथ अपना नाम अवश्य जुड़ाएं।
श्री ओकटे ने आगे कहा कि 28 सितम्बर से 10 अक्टूबर 2026 के मध्य विशेष अभियान चलाकर 01 जनवरी 2027 की तिथि को आधार मानकर 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु आदेशित किया गया है। विधानसभा क्षेत्र छिन्दवाड़ा के अंतर्गत आने वाले मतदान केन्द्रों में नियुक्त बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजर को निर्धारित मतदान केन्द्रों पर उपस्थित होकर 18-19 आयु वर्ग वाले मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज करने हेतु निर्देशित किया गया है। कांग्रेस के समस्त जनप्रतिनिधियों, स्थानीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ता इस प्रक्रिया को गम्भीरतापूर्वक लेते हुए अपने आस-पास, नगर, ग्राम व कस्बों में निवासरत नवीन मतदाताओं का नाम जोड़ने की प्रक्रिया में सहयोग करें। जिन युवा की आयु 01 जनवरी 2027 को 18-19 होने वाली है और यदि वे बाहर है तो निर्धारित समय अवधि में नियमानुसार उनका भी नाम सूची में दर्ज कराएं ताकि वे अपने मतदाधिकार से वंचित ना रहे।
वोट डालने के अधिकार से कोई भी वंचित नहीं रहना चाहिए। अधिक से अधिक युवा जो अपनी निर्धारित आयु को 01 जनवरी 2027 तक पूर्ण करने वाले हैं उनके नाम मतदाता सूची में आवश्यक रूप से जुड़ जाए इस पर ध्यान दिया जाए। कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से विशेष आग्रह है कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को गम्भीरता पूर्वक लेते हुए नाम सूची में अवश्य दर्ज कराएं।