जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने कांग्रेस फिर सौंपेगी ज्ञापन
राजनीति
08-Oct-26
किसानों को एकजुट करने कांग्रेस ने तेज की तैयारियां

छिन्दवाड़ा अपडेट
कॉर्न सिटी छिन्दवाड़ा जिला इस बार अल्पवर्षा की मार झेल रहा है। खरीफ की फसलें प्रभावित होने के उपरांत अब रबी सीजन की फसलों की सिंचाई के लिए भी पानी नहीं है। किसान भाइयों पर बैंक का कर्ज, बिजली का बिल बकाया है। फसल बीमा की राशि प्राप्त नहीं हुई है। अन्नदाता के समक्ष अनेकों संकट एक साथ खड़े हो चुके हैं। विभिन्न देनदारियों से किसान भाइयों को राहत पहुंचाने और जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ लगातार उठा रहे हैं। नेताद्वय के मार्गदर्शन में कांग्रेस जल्द ही विशाल धरना प्रदर्शन व ज्ञापन के माध्यम से पुनः जिला प्रशासन के माध्यम से भाजपा सरकार तक छिन्दवाड़ा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग पहुंचाएगी।
किसानों की इस ज्वलंत समस्याओं पर कांग्रेस लगातार आक्रामक है और सतत रूप से जिला प्रशासन से यह आग्रह कर रही है कि किसान भाइयों के हितों को ध्यान में रखते हुए तत्काल सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। विगत दिनों जिला कांग्रेस कमेटी व किसान कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर से भेंट कर उक्त आशय का ज्ञापन सौंपा था, किन्तु अभी तक कोई संतोषजनक समाधान सामने नहीं आया है। इसीलिये कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन कर पुनः ज्ञापन सौंपकर भाजपा सरकार को चेताने का निर्णय लिया है। इसके लिए कांग्रेस किसान भाइयों को एकजुट करने व धरना प्रदर्शन की तैयारियों में जुट चुकी है। इसी कड़ी में छिंदवाड़ा ग्रामीण कांग्रेस भाग एक की क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी झिरलिंगा, कपरवाड़ी, मेघासिवनी, सिहोरा मड़का, सारना, बोहना खैरी की बैठक आयोजित की गई।
जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने व किसान भाइयों की अन्य समस्याओं के लिए आयोजित ज्ञापन प्रदर्शन कार्यक्रम को लेकर रणनीति तैयार की गई। उक्त बैठक में पर्यवेक्षक मनीष पांडेय, कुलदीप पटेल, संतोष पटेल, अर्जुन यदुवंशी, सोहन उसरेठे, यश कराड़े, उम्मेन्द्र ठाकुर, रवेल सिंह टेखरे, नन्हे चंद्रवंशी, सुधीर पटेल, भानु उसरेठे, दीपक साहू, विनय यदुवंशी, छत्रपाल ठाकुर, अन्नू भारती, नरेंद्र पटेल, दिनेश साहू, दामा पटेल, मोनू लाढ़े, अंकित सूर्यवंशी, रासु पटेल, हरिओम पटेल, बिहारी उइके, राजेश विश्वकर्मा, मनोज विश्वकर्मा, रणजीत पटेल, वीरेंद्र सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।