देश रक्षक वीर सैनिकों का सम्मान शुक्रवार 9 अक्टूबर को
राजनीति
08-Oct-26
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शाम 5 बजे भाजपा का विशेष आयोजन

छिंदवाड़ा अपडेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान 2026 ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत देश की सेवा एवं सुरक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के सम्मान में सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह समारोह 9 अक्टूबर, शुक्रवार को शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित होगा।
कार्यक्रम संयोजक पंडित रमेश दुबे एवं कार्यक्रम प्रभारी धर्मेंद्र मिगलानी ने बताया कि समारोह में सांसद विवेक बंटी साहू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में देश की सीमाओं की सुरक्षा, राष्ट्र की सेवा और मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस एवं समर्पण का परिचय देने वाले सैनिकों का सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रहरी हैं। कठिन परिस्थितियों में भी वे अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। सैनिक सम्मान समारोह उनके त्याग, साहस और राष्ट्र सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। कार्यक्रम संयोजक पंडित रमेश दुबे एवं कार्यक्रम प्रभारी धर्मेंद्र मिगलानी ने जिले के नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रप्रेमी बंधुओं से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर वीर सैनिकों का सम्मान एवं उत्साहवर्धन करने की अपील की है।