चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस करेगी हल्ला बोल प्रदर्शन 30 को
राजनीति
28-Sep-26
मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर इस्तीफे की करेगी मांग

छिन्दवाड़ा
जिला कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा 30 सितम्बर बुधवार को जिला मुख्यालय पर चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। चुनाव आयोग से साठगांठ कर एसआईआर के नाम पर वोट चोरी कर सत्ता में काबिज होने की पोल खोली जाएगी साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर इस्तीफे की मांग करेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने बताया कि एसआईआर के नाम पर लाखों मतदाताओं के नामों के फेरबदल से लेकर आयोग के भीतर दर्ज विभिन्न आपत्तियों से मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों पर अनेक सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से निर्वाचन आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों और एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों पर सर्वाजनिक रूप से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से दोपहर 01 बजे राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
कांग्रेस आंदोलन व प्रदर्शन के माध्यम से 14 आपत्तियों का विषय, आधार, रिकॉर्ड और अंतिम निर्णय सार्वजनिक किए जाने की मांग करेगी। एसआईआर का विधानसभा एवं बूथवार डेटा तथा नाम हटाने-जोड़ने के कारण जारी करने, वास्तविक मतदाताओं को आपत्ति, अपील व पात्र होने पर नाम पुनः जुड़वाने का अवसर देने, गंभीर अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच व दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई, निर्वाचन आयोग अपनी निर्णय प्रक्रिया और कार्यप्रणाली पर दस्तावेजों के साथ सार्वजनिक स्पष्टीकरण दे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं, मतदाताओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। यह लड़ाई किसी दल के लिए नहीं, बल्कि हर मतदाता के वोट और उसकी पहचान की सुरक्षा के लिए है। कांग्रेस सड़क से निर्वाचन आयोग तक यह स्पष्ट संदेश देगी कि मतदाता सूची में पारदर्शिता से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। हर वास्तविक मतदाता का नाम सुरक्षित रहे और हर आपत्ति का जवाब दस्तावेजों के साथ मिले यही हमारी मांग है।