अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस निकालेगी रैली, राजीव भवन में होगा कार्यक्रम
छिंदवाड़ा
11-Apr-26
छिन्दवाड़ा
भारत रत्न संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अम्बेड़कर की जयंती पर कांग्रेस के द्वारा विविध आयोजन किए जाएंगे। 14 अप्रैल मंगलवार को सुबह 11 बजे राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में बाबा साहब भीमराव अम्बेड़कर की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन के उपरांत कांग्रेसजन रैली के रूप में सत्कार चौराहा पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग छिन्दवाड़ा व शहर कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा के तत्वावधान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी को अंतिम रूप देने राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें अम्बेड़कर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण सहित कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।
पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य (राज्य मंत्री) दर्जा प्राप्त गुरूचरण खरे व शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो की विशेष उपस्थिति में बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक में कांग्रेस अनुसूचित जाति आयोग व शहर कांग्रेस के पांच उप ब्लॉक के अध्यक्षगण व पदाधिकारीगण सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। आयोजित बैठक में उपस्थित कांग्रेस के मोर्चा संगठन की जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने आयोजन को लेकर अपने विचार रखे जिन पर उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उन्हें अमल में लाने हेतु आश्वस्त किया।