गैस एजेंसियों के खिलाफ कांग्रेस सेवादल ने किया प्रदर्शन
छिंदवाड़ा
11-Apr-26
गैस किल्लत पर फूटा जनाक्रोश, नहार गैस एजेंसी से शुरू हुआ आंदोलन
छिंदवाड़ा
जिले में लगातार गहराती गैस किल्लत अब जनआक्रोश में बदलती नजर आ रही है। घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। आरोप है कि बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे आमजन में भारी नाराजगी व्याप्त है। इसी गंभीर समस्या को लेकर जिला कांग्रेस सेवादल ने शनिवार को समस्त गैस एजेंसियों के खिलाफ हल्ला बोल दिया। आंदोलन की शुरुआत खजरी रोड, स्टेट बैंक के बाजू में स्थित नहार गैस एजेंसी से की गई, जहां सेवादल कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और आम जनता का गुस्सा खुलकर सामने आया। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सुरेश कपाले ने कहा कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र एवं व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष दीपक वाजपेयी ने बताया कि समाचार पत्रों में 25 दिन बाद गैस वितरण की बात कही जा रही है, लेकिन हकीकत में उपभोक्ताओं को उससे भी अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे जनता त्रस्त हो चुकी है।
कांग्रेस सेवादल ने इस प्रदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन और गैस एजेंसियों का ध्यान आकर्षित करते हुए मांग की कि गैस सिलेंडर का वितरण क्रम अनुसार और समय पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भारत गैस, इंडेन गैस और हिन्दूस्तान गैस के सभी वितरकों से अपील की गई कि आम जनता की परेशानी को समझते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रदर्शन के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि यह आंदोलन की सिर्फ शुरुआत है। यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जिले की सभी गैस एजेंसियों के सामने इसी तरह के विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
इस मौके पर कांग्रेस सेवादल, नगर सेवादल, महिला कांग्रेस सेवादल एवं कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं। इस मौके पर प्रमुख रूप से कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सुरेश कपाले, कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष दीपक वाजपेयी, राकेश मरकाम, बलराम सिंह चौहान, रमेश बेले, पंचम अमरोदे, हेमंत राजपूत, डॉ. शबाना यास्मीन खान, सीमा शुक्ला, रवीना कोचे, सुरेश भावे, पप्पू पाल, राजेश धुर्वे, आशीष पाल, विक्की डेहरिया, संतोष खातरकर, मनोज पांडे, देवेन्द्र लोखंडे, संजय खडतकार, सोनू बिंझाड़े, वीणा जैन, शाहजहाबानो, सिंधु यादव, आशा श्रीवास्तव, अर्चना करमेले, पुनम ठाकरे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।