शहर कांग्रेस ने मनाई महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती
छिंदवाड़ा
11-Apr-26
छिन्दवाड़ा
शहर कांग्रेस कमेटी के द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मनाई गई। राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सम्बोधित करते हुए ज्योतिबा फुले के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। कांग्रेस के उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ की ओर से नगरवासियों व जिलेवासियों को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले भारतीय समाज के उन महान सुधारकों में से एक थे, जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से सामाजिक क्रांति की मजबूत नींव रखी। उनके अनमोल विचार आज भी समानता, शिक्षा और मानवता की राह दिखाते हैं। उस समय जब समाज जाति-पांति, छुआछूत और अज्ञानता में जकड़ा हुआ था, तब फुले जी ने इन बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाई और एक नए युग की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार माना और विशेष रूप से महिलाओं तथा वंचित वर्गों के लिए शिक्षा के द्वार खोले। उनके विचार केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि समाज को बदलने की शक्ति रखते हैं। गुलामगिरी जैसे उनके लेखन ने सामाजिक अन्याय को उजागर किया और लोगों को जागरूक किया। इस दौर में जब हम आधुनिकता की ओर बढ़ रहे हैं, तब भी फुले जी के विचार उतने ही प्रासंगिक हैं। ज्योतिराव फुले की जयंती है। इस मौके पर उनके विचार हमें सिखाते हैं कि शिक्षा, समानता और जागरूकता ही एक बेहतर समाज की कुंजी है। आयोजित कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी व कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।