Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कांग्रेस ने कहा गड्ढों में तब्दील हुआ हाइवे, जनता बेहाल

कांग्रेस ने कहा गड्ढों में तब्दील हुआ हाइवे, जनता बेहाल
छिंदवाड़ा
08-Oct-26
कलेक्टर और एनएचएआई से सुधार की मांग

छिन्दवाड़ा अपडेट

जिले की लाइफ लाइन कहे जाने वाले नेशनल हाइवे 347, 547 और रिंग रोड की दुर्दशा पर कांग्रेस ने चिंता जाहिर की है। तीन साल पहले करोड़ों रुपये खर्च कर नेशनल हाइवे का सुदृढ़ीकरण किया गया था, जिसमें डामर की नई परत बिछाई गई थी। लेकिन हर बारिश में सड़कें उखड़ जाती हैं। पिछले दो वर्षों में मरम्मत और पुनः निर्माण के बाद भी इस बार मामूली बारिश में ही सड़कें फिर से गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। यदि अच्छी बारिश हुई तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश कपाले ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने आगे कहा कि बड़े दुर्भाग्य की बात है कि एनएच 547 नरसिंहपुर मार्ग पर बनगांव से नेर के बीच, जमुनिया, नगाड़िर, राजाखोह के पास जानलेवा गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। एनएच 347 सिवनी मार्ग पर- चौरई के समीप मरकाहांडी कपुर्दा से समसवाड़ा तक 2 किलोमीटर तक एवं फुलारा टोल प्लाजा से मातृधाम कातलबोड़ी तक पूरी सड़क गड्ढों से पट गई है। - 54 किमी लंबा रिंग रोड - सबसे ज्यादा बदहाल है। 

बनगांव रोटरी से सिवनी रोड तक दो दर्जन से ज्यादा गड्ढे हो गए हैं, जिन्हें अस्थाई रूप से भरकर खानापूर्ति की जा रही है। गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और आम नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर है। स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंत में उन्होंने जिला कलेक्टर छिंदवाड़ा एवं एनएचएआई के संबंधित सड़क सुधार अधिकारियों से मांग की है कि जनहित को सर्वाेपरि रखते हुए जिले भर की मुख्य सड़कों पर बारिश के कारण हुए गड्ढों को तत्काल युद्धस्तर पर सुधारा जाए।
Share News On