अब जिला चिकित्सालय में हो सकेगी स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच
स्वास्थ्य
08-Oct-26
जिला अस्पताल में मैमोग्राफी सुविधा का किया गया शुभारंभ


छिन्दवाडा अपडेट
महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला अस्पताल छिंदवाड़ा में गुरुवार को मैमोग्राफी सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस सुविधा के प्रारंभ होने से महिलाओं को स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच एवं समय पर पहचान की सुविधा अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी। इसी अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “जोश टीम” का भी शुभारंभ किया गया।
मैमोग्राफी सुविधा का शुभारंभ सांसद विवेक बंटी साहू द्वारा किया गया। इस अवसर पर शेषराव यादव, धर्मेंद्र मिगलानी, पप्पू ठाकुर एवं नंदू जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास, प्रभारी डीन डॉ. विवेकानंद वाघमारे, सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विपिन जैन, नोडल अधिकारी रेडियोलॉजी डॉ. रवि तांडेकर, आरएमओ डॉ. हर्षाेदन कुडापे, एचओडी गायनी विभाग डॉ. श्वेता पाठक, डॉ. डी.पी. महाजन एवं डॉ. नवदीप बोरकर सहित अन्य चिकित्सक, मैट्रन, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
महिलाओं को स्थानीय स्तर पर मिलेगी स्तन कैंसर की जांच सुविधा
जिला अस्पताल में मैमोग्राफी सुविधा प्रारंभ होने से महिलाओं को स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच कराने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इसके माध्यम से समय पर बीमारी की पहचान, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की दिशा में आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से महिलाओं को जांच के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।