कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के बयान से गुजराती समाज में नाराजगी
छिंदवाड़ा
09-Apr-26
गुजराती समाज ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान की कि आलोचना
छिंदवाड़ा
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा चुनावी सभा में गुजरातियों पर दिए गए एक बयान से छिंदवाड़ा में रहने वाले गुजराती लोगों में नाराजगी का माहौल है। गुजराती समाज छिंदवाड़ा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उनके बयान की भर्त्सना की है।

ज्ञात हो कि विगत दिनों कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के द्वारा गुजरात के लोगों को एवं गुजरातियों को अनपढ़ बताए जाने का बयान दिया गया था, जिसकी पूरे देश में एवं गुजरात राज्य में विशेष रूप से आलोचना हुई है। श्री गुजराती समाज छिंदवाड़ा की प्रबंध समिति के द्वारा भी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस बयान की भर्त्सना की गई है।
समाज की प्रबंध समिति ने मीडिया से कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी समाज को तोड़ने वाली एवं देश विरोधी हैं। कांग्रेस को ऐसे बयानों से बचना चाहिए एवं पदाधिकारीयों को इस प्रकार की जातिगत बयानों को देने से रोकना चाहिए।
एक तरफ तो कांग्रेस देश को जोड़ने की बात करती है, वहीं गुजरातियों को, जिनका समूचे देश के व्यापार जगत में विशेष योगदान है, उनके लिए अनपढ़ जैसे अपमानजनक शब्दों का उपयोग करती है जो कि सर्वथा अनुचित है। यद्यपि श्री खड़गे के द्वारा इस बयान के लिए माफी भी मांगी गई है, तथापि श्री गुजराती समाज छिंदवाड़ा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान की आलोचना करती है।