गैस किल्लत मामले में जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस: अलकेश साव
छिंदवाड़ा
13-Mar-26
छिंदवाड़ा
रसोई गैस की आपूर्ति और कीमतों को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और निराधार आरोपों पर भाजपा किसान मोर्चा महामंत्री अलकेश साव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा किसान मोर्चा महामंत्री अलकेश साव ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के बीच कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार के सहारे राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने हमेशा गरीब और मध्यम वर्ग के हितों को सर्वाेपरि रखा है। रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर सरकार पूरी तरह सजग है और देशभर में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। कांग्रेस गैस की कथित किल्लत की झूठी कहानी गढ़कर जनता को भड़काने और गुमराह करने की साजिश कर रही है।
श्री साव ने कांग्रेस जिला प्रभारी के उस बयान को भी पूरी तरह हास्यास्पद और दुर्भावनापूर्ण बताया जिसमें नोटबंदी और कोरोना जैसी परिस्थितियों का उल्लेख किया गया है। उन्होंने ने कहा कि देश की जनता भली-भांति जानती है कि कोविड-19 जैसी वैश्विक आपदा के समय भारत सरकार ने जिस दृढ़ता, संवेदनशीलता और प्रभावी प्रबंधन के साथ काम किया, उसकी सराहना पूरी दुनिया में हुई। ऐसे कठिन समय में भी करोड़ों गरीब परिवारों को मुफ्त राशन और गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए, जबकि कांग्रेस केवल आलोचना और भ्रम फैलाने में लगी रही।
उन्होंने कहा कि देश की जनता देख रही है कि जहां जिम्मेदार विपक्ष को संकट की इस घड़ी में सरकार के साथ खड़े होकर समाधान में सहयोग करना चाहिए, वहीं भारत का विपक्ष राजनीतिक स्वार्थ में अंधा होकर झूठे आरोपों और दुष्प्रचार के सहारे सत्ता हथियाने का सपना देख रहा है।