कांग्रेस ने वीरांगना रानी दुर्गावती के चरणों में टेका माथा
राजनीति
05-Oct-26
कांग्रेस कार्यालय में हुआ आयोजन, रानी दुर्गावती चौक पहुंचकर भी किया माल्यार्पण

छिन्दवाड़ा अपडेट
अमर बलिदानी वीरांगना रानी दुर्गावती जन्म जयंती वर्ष पर राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में वीरांगना के पराक्रम, साहस और सेवा पर प्रकाश डाला गया। सर्वप्रथम उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कांग्रेसजन ने उन्हें शत-शत् नमन किया। राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम के उपरांत समस्त कांग्रेस परिवार के सदस्य रानी दुर्गावती चौक पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण वीरांगना रानी दुर्गावती अमर रहे के नारे लगाए।
राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के अशोक उइके ने कहा कि एक ऐसी वीरंगाना हमारी धरती पर आईं, जिनके कारण मुगलों के दांत खट्टे हो गए। अदम्य साहस, स्वाभिमान और असीम पराक्रम की प्रतिमूर्ति रानी दुर्गावती की जयंती पर कमलनाथ जी एवं नकुलनाथ जी सहित समस्त कांग्रेस परिवार की ओर से शत-शत नमन। 52 गढ़ की रानी के नाम से मशहूर वीरांगना दुर्गावती ऐसी ही रानी थीं, जिन्होंने अकबर की दासता स्वीकार करने से बेहतर खुद को राज्य के लिए बलिदान करना उचित समझा। सिंगौरगढ़ किला और उसका इतिहास किसी परिचय का मोहताज नहीं है।
कांग्रेस जिला महिला आदिवासी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्रीमती ब्रजकुमारी सरयाम ने सम्बोधित करते हुए कहा कि रानी की सुंदरता की चर्चे हर जगह थे। 1964 में अकबर के कानों में यह बात पहुंची तो उसने अपने सिपहसालार और मानिकपुर के सामंत आसफ खान को 10 हजार घोड़ों और कई हजार पैदल सेना के साथ सिंगौरगढ़ पर चढ़ाई करने भेज दिया. अपनी वीरता का परिचय देते हुए रानी और उनकी सेना ने आसफ खान को मार भगाया। मातृभूमि के लिए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी। आयोजित कार्यक्रम को एकलव्य यहाके व शिवकुमार सिरसाम ने भी सम्बोधित किया।
जिला कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने रानी दुर्गावती चौक पर माल्यार्पण कर सभी को रानी दुर्गावती की जन्म जयंती की शुभकामनाएं देते हुए नमन किया। कार्यक्रम में पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, संगठन महासचिव गुरूचरण खरे, जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश कपाले, परासिया विधानसभा प्रभारी राजीव तिवारी व शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, दशरथ उइके, वीडी भारती, शिवकुमार सिरसाम, संजय परतेती, सरला सलामे, पूनम उइके, दुर्गा सलामे, आशीष कुमरे रेणू सरयाम, मुन्ना धुर्वे, दिलीप परतेती, नरेश इनवाती, बलवंत उइके, मनोज धुर्वे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।