आने वाले चुनावों की तैयारी शुरू की कांग्रेस ने
राजनीति
29-May-26
कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कांग्रेस भवन में की बैठक
छिन्दवाड़ा
कांग्रेस कार्यालय में छिन्दवाड़ा ग्रामीण भाग एक व भाग दो की आवश्यक बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से संगठन को और अधिक मजबूत करने, नगरीय निकाय चुनाव, पंचायत चुनावों की तैयारियों पर जोर दिया गया। बूथ कमेटियों व पंचायत कमेटियों के गठन को लेकर चर्चा की गई। गठित कमेटियों की कार्यप्रणाली व सक्रियता को लेकर वरिष्ठों ने जानकारी मांगी साथ ही जहां अभी तक इन कमेटियों का गठन नहीं किया गया है वहां तत्काल प्रभाव से गठित करने हेतु निर्देशित किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा ग्रामीण भाग एक व भाग दो की प्रथक-प्रथक सम्पन्न हुई बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि बूथ कमेटियों के गठन में औपचारिकता ना निभाई जाए। पूरी गम्भीरता के साथ ही गठन करें और उसकी सूचना जिला कांग्रेस कमेटी को प्राथमिकता के आधार पर समय से दें ताकि उस और कार्य किया जा सके। जहां आवश्यकता है वहां बदलाव अभी करें, क्योंकि बाद में कुछ भी नहीं होता जो होगा वह तत्काल होगा। उन्होंने आगे कहा कि सभी कमेटियां सक्रिय रहे यह भी ध्यान दें और उन्हें समय-समय पर जिम्मेदारियां भी सौंपे। कार्य करने के तौर तरीकों को भी देंख, सुझाव दें और मार्गदर्शन भी करें ताकि परिणाम अच्छा प्राप्त हो।
छिन्दवाड़ा विधानसभा प्रभारी श्री गोविंद राय ने सम्बोधित करते हुए कहा कि संगठन में सक्रियता बहुत आवश्यक है। पार्टी के सभी कार्यक्रमों में उपस्थिति को सुनिश्चित करें। धरना, प्रदर्शन अथवा आंदोलनों में एकजुटता दिखाई देनी चाहिए। सभी को साथ लेकर चलें तभी सफर तय होगा और हमारा लक्ष्य भी पूरा हो पाएगा। बैठक हो या फिर कोई और आयोजन सभी में भागीदारी बराबर होनी चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक बिन्दुओं से अवगत कराते हुए उनका पालन हर हाल में करने के लिए निर्देशित किए।
छिन्दवाड़ा ग्रामीण भाग एक व दो के पर्यवेक्षक श्री मनीष पांडे ने सम्बोधित करते हुए कहा कि पंचायत व निकाय चुनाव के उपरांत विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव होंगे। इसके लिए हमें अभी से तैयारियां प्रारंभ करनी है। ताकि चुनावी कार्य करने में आसानी हो। उन्होंने उपस्थित समस्त पदाधिकारियों से कहा कि अभी से चुनावी प्रक्रिया में जुटना होगा। उपस्थि वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष गठित बूथ कमेटियों व पंचायत कमेटियों की जानकारी प्रस्तुत की। आयोजित बैठक में छिन्दवाड़ा ग्रामीण भाग एक व भाग दो के समस्त पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।