ग्राम पंचायत, नगर परिषद और पटवारी से संबंधित काम की शिकायत कलेक्टर से
छिंदवाड़ा
15-Sep-26
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 97 आवेदकों की समस्यायें

छिन्दवाडा
राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 97 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये। जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।
कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम लिंगा की श्रीमती सरोज यादव ने अन्त्येष्टि सहायता राशि दिलाने, ग्राम डोकली खुर्द की श्रीमती कमला बाई ने कपिल धारा कूप निर्माण हेतु भुगतान कराने, ग्राम सिधौली की श्रीमती कुन्ती ने आंगनबाड़ी केन्द्र सिधौली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद पर नियुक्ति दिलाने, छिंदवाड़ा नगर के गांधी गंज स्थित विजय वस्त्र भंडार के व्यापारी ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत सामग्री की भुगतान राशि दिलाने एवं नगर के खापाभाट के श्री राजकुमार ने संबल कार्ड में दर्ज अपात्रता को हटाकर पात्र किये जाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह व एसडीएम श्री सुधीर जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।