घोटाले और प्रश्न पत्र लीक करने के लिए आयोजित हो रही प्रतियोगी परीक्षाएं: नकुलनाथ
छिंदवाड़ा
13-May-26
छिन्दवाड़ा
जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने नीट के प्रश्न पत्र लीक व परीक्षा रद्द किए जाने पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य व सपनों से भाजपा सतत रूप से खिलवाड़ कर रही और दोषियों को नवाज रही। 22 लाख से ज्यादा छात्रों की मेहनत व त्याग को इस भ्रष्ट तंत्र ने पूरी तरह कुचल दिया। नीट 2024 में भी भयंकर चोरी हुई इसके बाद भी दोषी बच निकले। इस बार परीक्षा रद्द कर दी, लेकिन यह कोई समाधान नहीं है, क्योंकि नुकसान तो अंततः छात्र-छात्राओं का ही हुआ है। यहीं नहीं लगातार पेपर लीक जैसी घटनाओं से अब विद्यार्थियों का नीट जैसी परीक्षा की पादर्शिता से भरोसा उठ रहा है जो भविष्य के लिए उचित नहीं है।
परीक्षाओं में गड़बड़ी का सिलसिला इस सरकार में स्थाई बन चुका है। शासकीय नौकरी में भर्ती-प्रतियोगी परीक्षाएं भ्रष्टाचार और प्रश्न पत्र लीक के लिए पहचानी जाने लगी। एक तो शासकीय नौकरियों में भर्ती निकलती नहीं अगर निकली भी तो उनमें गड़बड़ी होना कोई बड़ी बात नहीं। अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र परीक्षा से पहले ही भाजपा से जुड़े हुए लोगों के हाथों में पहुंच जाते हैं। खानापूर्ति के लिए कागजी कार्रवाई या फिर परीक्षा ही रद्द कर दी जाती है। इससे पहले भी 2015 में नीट परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। 2016, 2021 और 2024 में भी नीट परीक्षा को लेकर पेपर लीक, धांधली और गिरफ्तारियों की खबरें लगातार सामने आती रहीं। कई मामलों में सुप्रीम कोर्ट तक सुनवाई हुई, लेकिन फिर भी व्यवस्था में सुधार दिखाई नहीं दिया। छात्र-छात्राओं के हित में सरकार से मेरा आग्रह है कि इस तरह परीक्षाओं में जारी गड़बड़ियों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं ताकि युवाओं का भविष्य बर्बाद होने से बच सके। छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कमलनाथ व नकुलनाथ ने विद्यार्थियों को दी बधाई व शुभकामनाएं
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने सीबीएसई परीक्षा परिणाम घोषित होने पर जिले, नगर व प्रदेश के विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी है। नेताद्वय ने असफल व कम अंक लाने वाले विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वे पुनः मेहनत करें और अच्छा परिणाम लेकर आए। यह परीक्षा अंतिम नहीं बल्कि हमें भविष्य में मेहनत की ओर अग्रसर करने के लिए प्रेरित करती है।