Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सावन महोत्सव को लेकर कलेक्टर ने किया रातेड़ का दौरा

सावन महोत्सव को लेकर कलेक्टर ने किया रातेड़ का दौरा
छिंदवाड़ा
03-Jul-26
व्यू पॉइंट में हुई सावन महोत्सव की तैयारियों की बैठक

पर्यटन बढ़ने से आदिवासियों की बढ़ेगी आय

छिन्दवाडा

तामिया की खूबसूरत वादियों में छाने वाला कोहरा हमेशा से पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। बारिश के दिनों में यहां होने वाला सावन महोत्सव पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय रहे, इसके लिए सभी संबंधित अपने कार्य को बेहतर तरीके से करें ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उक्ताशय के विचार कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने रातेड़ व्यू पॉइंट यूरेका केम्प में सावन महोत्सव की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक में व्यक्त किए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार ने कई बहुत महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राजनंदिनी ठाकुर, तामिया जनपद पंचायत सीईओ सुश्री मोनिका झारिया, डीएटीसीसी के नोडल अधिकारी बलराम राजपूत, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी, तहसीलदार संजय मसराम सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

ट्रेकिंग व सेल्फी पॉइंट पर सुरक्षा बोर्ड लगवाने के निर्देश 

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड व जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से अगस्त माह में सावन महोत्सव तामिया-पातालकोट में आयोजित किया जा रहा है। इसकी तैयारियों की बैठक में तामिया सावन महोत्सव में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा पर चर्चा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने सभी ट्रेकिंग व सेल्फी पॉइंट पर सुरक्षा बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए हैं। तामिया सावन महोत्सव के स्थान व समय को लेकर व्यापक चर्चा की गई, साथ ही स्थानीय खेलों, पारंपरिक भोजन, स्थानीय हस्तशिल्प- हथकरघा को शामिल करने पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। सावन महोत्सव में अन्य जिलों से आने वाले पर्यटकों के रहने के लिए होम स्टे व होटल संचालकों को बेहतर तैयारी रखने के निर्देश कलेक्टर श्री नारायन ने दिए।

सावन के झूले, बैलगाड़ी राइड, फोटोग्राफी प्रतियोगिता रहेगी आकर्षण का केंद्र

सावन के झूले, बैलगाड़ी राइड, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, स्थानीय लोक नृत्य सहित अनेक गतिविधियां सावन महोत्सव में पर्यटकों के लिए आकर्षण रहेंगी। बैठक में डीएटीसीसी के अशासकीय सदस्य पवन श्रीवास्तव, परार्थ समिति के रामदास नागरे, धारा सिंह सहित तामिया के सभी होटल संचालक उपस्थित थे। बैठक के बाद कलेक्टर  हरेंद्र नारायन, सीईओ अग्रिम कुमार ने आयोजन स्थल के लिए रातेड़ व्यू पॉइंट, चिमटीपुर रेस्ट हाउस व वीआईपी आगमन की संभावना को देखते हुए छिंदी के हेलीपैड का भी निरीक्षण किया।
Share News On