Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में सख्त नजर आए कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह

नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में सख्त नजर आए कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह
छिंदवाड़ा
09-Jul-25
हर्रई सीएमओ का वेतन रोकने दिए निर्देश

छिंदवाड़ा

कलेक्टर शीलेन्‍द्र सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में जिले के सभी नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व वसूली, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक में नगरपालिक निगम कमिश्नर सीपी राय, नगर निगम के सहायक यंत्री सहित सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं उपयंत्री उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और कार्यो को व्यवस्थित तरीके से समय पर किया जाए।


औपचारिक न हो पौधरोपण 

 कलेक्टर श्री सिंह ने अमृत हरित अभियान के अंतर्गत किए जाने वाले पौधारोपण की समीक्षा करते हुए कहा कि पौधे ऐसे स्थानों पर लगाए जाएं जहाँ उनका संरक्षण किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल औपचारिकता के लिए पौधारोपण न किया जाए। ऐसे स्थानों का चयन किया जाए, जहां बाद में पौधों को हटाना न पड़े। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल नाम के लिए नहीं होना चाहिए, बल्कि पौधों को बचाने योग्य स्थिति में रोपण किया जाए।

अतिक्रमण पर लगातार कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने अतिक्रमण के मामलों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के कुछ दिनों बाद पुनः अतिक्रमण कर लिया जाता है, जो चिंताजनक है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

कार्य में लापरवाही पर ठेकेदारों के विरुद्ध होगी कार्रवाई 

बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ कार्यों में ठेकेदार रुचि नहीं ले रहे हैं, जिससे कार्यों में देरी हो रही है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि ऐसे ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए, क्योंकि विलंब से शासन एवं आमजन दोनों को नुकसान होता है।

हर्रई सीएमओ का वेतन रोकने के दिये निर्देश 

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान हर्रई नगरीय निकाय की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 अंतर्गत शेष सत्यापन कार्य को आगामी तीन दिवस में पूर्ण करने के निर्देश सभी निकायों को दिए गए।

समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी नगरीय निकाय अपने क्षेत्र में प्रगतिरत कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि लापरवाही या विलंब की स्थिति में संबंधित एजेंसी एवं अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
Share News On