Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने सुनी अतिक्रमण हटाने और पुलिया बनाने सहित 142 समस्याएं

कलेक्टर ने सुनी अतिक्रमण हटाने और पुलिया बनाने सहित 142  समस्याएं
छिंदवाड़ा
22-Sep-26
छिन्दवाडा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 142 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।

कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम झिरपानी के ग्रामवासियों ने ग्राम झिरपानी से बीजाढाना तक सड़क निर्माण कराने, चौरई के नवीन कुमार नायक ने चौरई बाजार चौक में दुकान के सामने से अतिक्रमण हटाने, ग्राम सर्रा के रविंद्र चौहान ने राजस्व नक्शे को दुरूस्त कराने, ग्राम तेंदनीमाल के ग्रामवासियों ने ग्राम हथौड़ा के लोहारी मोहल्ला के समीप पुलिया निर्माण कराने, ग्राम अतरिया के ग्रामवासियों ने बिजली के केबल सुधार कार्य कराने, ग्राम छिंदी के ग्रामवासियों ने ग्राम छिंदी में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृध्दि कराने एवं 10 पोल पर थ्री फेज लाइन कराने, ग्राम उरधन के सिपतलाल ने भू-खसरा में जाति एवं नाम सुधार कराने, ग्राम मेहगोरा के फूलचंद चन्द्रवंशी ने इलाज के लिये आर्थिक सहायता राशि दिलाने, छिंदवाड़ा नगर के  प्रीतम बिसेन ने ग्रेज्यूटी की राशि दिलवाने एवं नगर के वार्ड क्रमांक-16 की श्रीमती राधा बाई उईके ने पति के पानी में डूबने से मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता राशि दिलाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार व एडीएम धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।
Share News On