Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

लोक सेवा गारंटी आवेदनों में लापरवाही पर कलेक्टर हुए नाराज

लोक सेवा गारंटी आवेदनों में लापरवाही पर कलेक्टर हुए नाराज
छिंदवाड़ा
15-Sep-25
समयसीमा की बैठक में अधिकारियों को लगाई फटकार

छिंदवाड़ा

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनयम के तहत आम नागरिकों को सेवाओं के प्रदाय में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन भी प्राधिकृत अधिकारियों की लापरवाही के कारण लोक सेवा गारंटी के आवेदन समय सीमा बाह्य हुए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर जुर्माना लगाएं। कलेक्टर श्री सिंह आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। साथ ही विभिन्न समसामयिक एवं अंतर्विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

पातालेश्वर संजीवनी क्लीनिक से त्वरित हटा अवैध निर्माण

विभिन्न अंतर्विभागीय विषयों की चर्चा के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संज्ञान में लाया गया कि शहर के पातालेश्वर स्थित संजीवनी क्लीनिक में किसी अज्ञात द्वारा अवैध निर्माण कर लिया गया है। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने तत्काल अवैध निर्माण तुड़वाने के निर्देश एसडीएम छिंदवाड़ा को दिए। एसडीएम छिंदवाड़ा द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए बैठक के बाद ही अवैध निर्माण को हटवा दिया गया है।

स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति और शैक्षणिक स्तर कम पाए जाने पर नाराजगी

स्कूल निरीक्षण की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगातार निरीक्षण के बाद भी कुछ स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति और शैक्षणिक स्तर में सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी जताई और कहा कि सभी अधिकारी निरीक्षण के उपरांत स्कूल की निरीक्षण पंजी में अपनी टीप जरूर लिखें। जहां सुधार की आवश्यकता एक माह का समय दें। सभी कमजोर बच्चों की रेमेडियल क्लासेस ठीक ढंग से चलाई जाएं। उसके बाद भी सुधार न पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी लापरवाह शिक्षकों पर अनिवार्य रूप से कार्यवाही करें। विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

372 आंगनबाड़ी केंद्रों में रैन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम शीघ्र लगाने के निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के चिन्हांकित 372 आंगनबाड़ी भवनों में रैन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए 16-16 हजार रुपए की राशि जनपदों को जारी की गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने इन आंगनबाड़ी भवनों में रैन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम शीघ्र लगवाने के निर्देश संबंधित जनपद सीईओ को दिए हैं। इसी तरह चिह्नित 60 आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल सुलभ शौचालय का निर्माण भी शीघ्र कराने निर्देशित किया है।

सीएम हाउस, कार्यालय व सीपीग्राम से प्राप्त शेष पत्रों पर भी शीघ्र कार्यवाही के निर्देश

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस एवं सीपीग्राम से संबंधित लंबित पत्रों एवं शिकायतों की भी समीक्षा की। कई पत्रों में प्रतिवेदन प्रेषित किया जा चुका है। शेष पत्रों में भी अपेक्षित कार्यवाही शीघ्र करते हुए, प्रतिवेदन भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही वर्तमान में डी ग्रेड में चल रहे विभागों को शीघ्र स्थिति में सुधार कर ए ग्रेड में आने के निर्देश दिए हैं।

‘कर्मयोगी सीखें सप्ताह’ आज से शुरू

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि कर्मयोगी आईजीओटी लर्निंग वीक (15 सितम्बर से 19 सितम्बर) आज से शुरू हो गया है।  जिले के प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करें कि उनके अधीनस्थ सभी शासकीय एवं संविदा अधिकारी-कर्मचारी आईजीओटी पोर्टल पर कम से कम दो प्रशिक्षण कार्यक्रम इस अवधि में पूर्ण करें और सर्टिफिकेट कलेक्टर कार्यालय में प्रेषित करना सुनिश्चित करें।

2 दिनों के अंदर आदि सेवा केंद्रों के निर्धारण के निर्देश

आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिले में ग्राम स्तर पर आदि सेवा केंद्रों का निर्धारण कर एक-एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाना है। कलेक्टर श्री सिंह ने आगामी 2 दिवस के अंदर सभी आदि सेवा केंद्रों का निर्धारण कर, प्रत्येक आदि ग्राम के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश 

समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को ग्राम पंचायत मानकादेई के भोईढाना में ट्रांसफर के मेंटिनेंस के लिए आज ही विद्युत मंडल को राशि रिलीज करने निर्देशित किया। संभागीय परियोजना यंत्री पी.आई.यू को हर्रई में नव निर्मित एकलव्य आदर्श आवासीय बालक छात्रावास में सुधार कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराने और एकलव्य आदर्श आवासीय छात्रावास तामिया में सुधार कार्य यथाशीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम छिंदी में नव निर्मित आंगनबाड़ी भवन में पानी की टंकी और पंप लगाने के बाद कल तक महिला एवं बाल विकास विभाग को हैंड ओवर करने के निर्देश दिए हैं। बाकी आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण का कार्य भी निर्माण एजेंसी संबंधित ग्राम पंचायतों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश आर. ई. एस के अधिकारियों को दिए हैं। बैठक में फॉर्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में प्रगति आदि की भी विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

समय सीमा की बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, सयुंक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी व श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल, पुष्पेन्द्र निगम व आर.के.मेहरा, अतिरिक्त मुख्य कार्य पालन अधिकारी जिला पंचायत पी.राजौदिया, उप संचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अन्य सभी एसडीएम व तहसीलदार सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल थे।
Share News On