Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने एनएचएआई को दिए छिंदवाड़ा - सिवनी मार्ग ठीक करने निर्देश

कलेक्टर ने एनएचएआई को दिए छिंदवाड़ा - सिवनी मार्ग ठीक करने निर्देश
छिंदवाड़ा
12-Oct-26
कलेक्टर श्री नारायन ने ली समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

छिन्दवाडा अपडेट

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कहा कि हाइजीन को लेकर होटल, रेस्टोरेंट आदि की जांच लगातार जारी रखें और कमियां पाए जाने पर कार्यवाही भी करें। जिला परिवहन अधिकारी स्कूली वाहनों की जांच कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराएं। जिला शिक्षा अधिकारी, सभी स्कूलों से इस संबंध में प्रमाण पत्र भी प्राप्त करें। कलेक्टर श्री नारायन सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा - निर्देश दे रहे थे। बैठक में सेवा संकल्प अभियान व मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के क्रियान्वयन, सीएम हेल्पलाइन व जनसुनवाई आवेदनों के निराकरण और विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त आवेदनों में की गई कार्यवाही की भी विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह व संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी सहित जिला प्रशासन एवं सभी विभागों के जिला अधिकारी कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में उपस्थित थे, जबकि फील्ड के अधिकारी वीसी से जुड़े थे।

कलेक्टर ने एन.एच.ए.आई के अधिकारी को निर्देश दिए कि छिंदवाड़ा

सिवनी मार्ग की मरम्मत का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराएं। बार - बार निर्देशित करने और बारिश नहीं होने के बाद भी इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। मुख्य मार्ग के गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, इसकी गंभीरता को समझें।

अगला सीएम जनविश्वास शिविर 16 अक्टूबर को तामिया में 

कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अगला जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम पंचायत तामिया में आयोजित किया गया है। शिविर के पूर्व तामिया और आस - पास के ग्रामों की शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को अनिवार्य रूप से इस शिविर में उपस्थित होने और अपनी अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण कर प्रतिवेदन परख ऐप में ऑनलाइन दर्ज करने के निदेश दिए हैं।

राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश

कलेक्टर ने इस वित्तीय वर्ष के 6 माह बीत जाने के बाद भी मांग कायमी के विरुद्ध राजस्व वसूली में अपेक्षाकृत कम प्रगति पर नाराजगी जताई और सभी तहसीलदारों को राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।

छूटे हुए और नव मतदाताओं के नाम जोड़ने का कार्य अभियान रूप में करें 

कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर के बाद छूटे हुए और नवीन मतदाताओं के मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्य अभियान रूप में किया जाना है। सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, अपने बीएलओ के कार्य की मॉनिटरिंग करें और छूटे हुए मतदाताओं की सूची बूथ लेवल एजेंट को शीघ्र उपलब्ध कराएं। मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 के साथ किसी तरह का घोषणा पत्र नहीं भरना है। इस बारे में व्यापक जागरूकता फैलाएं और छूटे हुए और नव, सभी मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही करें।
Share News On