छिंदवाड़ा का वॉश ऑन व्हील्स प्लस मॉडल देश के लिए बनेगा प्रेरणा स्रोत
देश
18-Jun-26
एसबीएम की विशेष राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में छिंदवाड़ा मॉडल की सराहना
केस स्टडी के रूप में विकसित करने के निर्देश
छिन्दवाड़ा
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत छिंदवाड़ा जिले में किए जा रहे अभिनव कार्यों को भारत सरकार स्तर पर विशेष सराहना प्राप्त हुई है। जल शक्ति मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, भारत सरकार द्वारा आयोजित विशेष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पूरे मध्यप्रदेश से छिंदवाड़ा जिले के वॉश ऑन व्हील्स प्लस मॉडल का एकमात्र प्रस्तुतीकरण किया गया।
समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहीं भारत सरकार की संयुक्त सचिव, जल शक्ति मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सुश्री ऐश्वर्या सिंह (आईएएस) ने छिंदवाड़ा जिले द्वारा विकसित वॉश ऑन व्हील्स प्लस मॉडल की सराहना की। उन्होंने कलेक्टर हरेंद्र नारायन, सीईओ जिला पंचायत छिंदवाड़ा अग्रिम कुमार एवं पूरी टीम द्वारा किए गए प्रयासों को सराहनीय बताते हुए इस नवाचार को देश के अन्य जिलों के लिए अनुकरणीय मॉडल एवं केस स्टडी के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
संयुक्त सचिव सुश्री सिंह ने निर्देशित किया कि छिंदवाड़ा के वॉश ऑन व्हील्स प्लस मॉडल के क्रियान्वयन, प्रभाव एवं परिणामों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि देश के अन्य जिले भी इस मॉडल से सीख लेकर इसे लागू कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि इस नवाचार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) 3.0 की गाइडलाइन में शामिल करने की दिशा में विचार किया जा सकता है।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत छिंदवाड़ा श्री अग्रिम कुमार द्वारा जिले में संचालित वॉश ऑन व्हील्स प्लस मॉडल का प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में लगभग 5 लाख कार्यशील घरेलू नल कनेक्शनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही 600 ओवर हेड टैंक (ओएचटी), लगभग 7500 वितरण वाल्व सहित जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार के निर्देशन में जिले में इस मॉडल को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। यह पहल अब छिंदवाड़ा की पहचान बनकर उभर रही है और ग्रामीण जल एवं स्वच्छता प्रबंधन के क्षेत्र में देश के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
भविष्य की कार्ययोजना के अनुसार वॉश ऑन व्हील्स प्लस नवाचार में अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को भी शामिल किया जा रहा है। इसके अंतर्गत गौशाला सफाई एवं सेप्टिक टैंक डीस्लजिंग जैसे कार्यों को जोड़ने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।