फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन अवॉर्ड्स-2026 में छिंदवाड़ा की मजबूत दावेदारी
छिंदवाड़ा
07-Jul-26
वॉश ऑन व्हील्स प्लसष्के तीनों श्रेणियों के जूरी प्रस्तुतीकरण सफलतापूर्वक पूर्ण
छिन्दवाडा
स्वच्छता एवं वॉश (जल, स्वच्छता एवं स्वच्छ व्यवहार) के क्षेत्र में छिंदवाड़ा जिले की अभिनव पहल "वॉश ऑन व्हील्स प्लस" राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रभावी पहचान बना रही है। फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन अवॉर्ड्स-2026 के अंतर्गत जिले का चयन तीन महत्वपूर्ण श्रेणियों में किया गया है, जिनके लिए एग्जीक्यूटिव जूरी के समक्ष चरणबद्ध रूप से प्रस्तुतीकरण दिए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 01 जुलाई 2026 को सतत रखरखाव एवं वॉश प्रणाली के सामुदायिक प्रबंधन में उत्कृष्टता श्रेणी के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार द्वारा एग्जीक्यूटिव जूरी के समक्ष "वॉश ऑन व्हील्स प्लस" का प्रस्तुतीकरण दिया गया था। इसी क्रम को आगे बढ़ते हुए 06 जुलाई 2026 को वॉश के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कौशल विकास पहल तथा 07 जुलाई 2026 को विद्यालयों में वॉश पर विशेष फोकस श्रेणी के लिए भी मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से जिले के नवाचार का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया।
तीनों प्रस्तुतियों के दौरान जूरी सदस्यों ने "वॉश ऑन व्हील्स प्लस" के प्रभावी क्रियान्वयन, जल एवं स्वच्छता परिसंपत्तियों के सतत रखरखाव, विद्यालयों में स्वच्छता सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, कौशल विकास, नवाचार तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे विभिन्न पहलुओं की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा जिले की "वॉश ऑन व्हील्स" पहल को वर्ष 2025 में फिक्की इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसी सफल मॉडल को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप देते हुए जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत "वॉश ऑन व्हील्स प्लस" पहल प्रारंभ की गई है।
इस पहल के माध्यम से जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित पानी की टंकियों की नियमित साफ-सफाई, सिंगल विलेज स्कीम के वितरण वाल्व का रखरखाव, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में स्थापित पानी की टंकियों की स्वच्छता, घरेलू नल कनेक्शन एवं नल-टोटियों की मरम्मत जैसी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों के नियमित रखरखाव, स्वच्छता व्यवहार परिवर्तन तथा जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में संचालित यह नवाचार जिला पंचायत की स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) टीम एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से राष्ट्रीय स्तर पर छिंदवाड़ा की विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है।