Home News Helpline Classified Jobs About Contact

चौरई ब्लॉक कांग्रेस ने अनुविभागीय कार्यालय पहुंचकर की नारेबाजी

चौरई ब्लॉक कांग्रेस ने अनुविभागीय कार्यालय पहुंचकर की नारेबाजी
राजनीति
24-Sep-26
कांग्रेस ने अवैध शराब बिक्री रोकने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

छिन्दवाड़ा अपडेट

चौरई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अवैध शराब की बिक्री को तत्काल रोकने की मांग का एक ज्ञापन कलेक्टर के नाम चौरई एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा है। छह सूत्रीय मांगों को तत्काल पूरा करने के साथ ही गांव-गांव में अवैध तरीके से परोसी जा रही शराब पर पाबंदी लगाने व इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की अविलम्ब गिरफ्तारी व ठोस कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

चौरई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री तीरथ सिंह ठाकुर ने पुलिस और प्रशासन से विनम्रतापूर्वक आग्रह करते हुए कहा कि कमलनाथ जी एवं नकुलनाथ जी के कार्यकाल में कभी ऐसा माहौल नहीं रहा। सत्ता में बैठे लोगों शराब माफियाओं के कांधों पर हाथ रखे हैं जिससे गांव-गांव में अवैध शराब बिक रही है। माफिया मुनाफा बना रहे और गरीब व मजदूरों का परिवार शराब की वजह से उजड़ रहा है। कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि चौरई क्षेत्र के प्रत्येक ग्रामों में ठेकेदार एवं आबकारी विभाग की मिलीभगत व गठजोड़ से आदिवासी भाइयों को कच्ची शराब के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है जो सरासर गलत है। प्रत्येक ग्रामों में अवैध शराब बेची जा रही है जिससे सामाजिक तानाबाना बिगड़ रहा है। घरेलू व सामाजिक हिंसा बढ़ रही है।

नगर और ग्रामों में अवैध बिक्री के कारण शराब की उपलब्धता आसान हो चुकी है जिसके चलते युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में पहुंच रही। कार्रवाई की खानापूर्ति करने के लिए गरीब व आदिवासी परिवारों को कच्ची शराब बनाने के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है, जबकि ठेकेदार के लोग गांव-गांव में अवैध शराब पहुंचा रहे। कच्ची शराब बनाने वालों से जब्त सामग्री को लाइसेंसी शराब ठेकेदार के लोग बाजार में बेच रहे। पूर्व में कुण्डा दुकान जो कि बस्ती के अंदर है। ग्रामीणों ने आंदोलन कर उक्त शराब दुकान को बस्ती से बाहर करने की मांग की थी। आबकारी विभाग ने कार्रवाई का आश्वासन भी दिया था, लेकिन आज तक शराब दुकान नहीं हटी। स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्रों के आस-पास अवैध शराब बेची जा रही है। उपरोक्त मांगों को तत्काल पूरा किया जाए अन्यथा चौरई ब्लॉक कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी जिसकी सम्पूर्ण जवाबादेही शासन व प्रशासन की होगी।

ज्ञापन प्रस्तुत करते समय आनंद पटेल, सचिन वर्मा, बंटी साहू, गुरू मनोज राम, योगेश पटेल, नीलेश व अंकित पांडे सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
Share News On