न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट को लेकर भाजपा अब तक सो रही थी: नकुलनाथ
छिंदवाड़ा
29-Apr-26
इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर पूर्व सांसद ने मीडिया से की बातचीत
छिन्दवाड़ा
केन्द्र में भाजपा की सरकार को 11 वर्ष और राज्य में 21 साल हो चुके। दोनों ही सरकार के कार्यकाल को जोड़ा जाए तो लगभग 32 वर्ष हो चुके हैं। इन वर्षों में भाजपा सरकार सोई हुई थी, जैसे ही मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने चौसरा में अडानी न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर उद्योगपति गौतम अडानी से चर्चा की तो भाजपा जाग गई साथ भाजपा के नेता भी जाग गए, इसके लिए पहले उन्हें कभी इस प्लांट की याद नहीं है। उक्त बयान जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा आगमन पर इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर मीडिया द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में दिया।
उन्होंने कहा सही मायनों में छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र का विकास सिर्फ और सिर्फ पूर्व सीएम कमलनाथ एवं कांग्रेस ने किया है। चाहे बात माचागोरा जलाशय की हो, हिन्दुस्तान यूनिलीवर की हो या फिर रेमंड, भंसाली या फिर स्किल सेन्टरों की। आज भी कमलनाथ, कांग्रेस पार्टी और मेरा एक ही प्रयास है कि विकास की गति किसी भी स्थित में नहीं थमनी चाहिए।
गेहूं खरीदी केन्द्रों पर फैली अव्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदी के अपने वचन पर कायम नहीं है। मक्का उपज का समर्थन मूल्य किसान भाइयों को नहीं दिया गया । साथ ही गेहूं की खरीदी में अनियमितता और अव्यवस्थाएं लगातार सामने आ रही है। कल खरीदी केन्द्रों पर पहुंचकर किसान भाइयों से चर्चा करुंगा। हम किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ते आ रहे हैं और आगे भी लड़ेंगे।
धौलपुर के कार्यकर्ता सम्मेलन में सरकार को लिया आड़े हाथों
पूर्व सांसद कमलनाथ धौलपुर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में सम्मिलित हुए। क्षेत्र के किसानों, कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया साथ ही उनके समक्ष अपनी समस्याएं भी रखी। आयोजित सम्मेलन में विधायक निधि से निर्मित होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन श्री नाथ ने किया। सम्मेलन को उपस्थित जनता को सम्बोधित करते हुए नकुलनाथ ने कहा कि वर्तमान के हालात किसी से छिपे नहीं है। सब त्रस्त है और मस्त कौन है यह बात आप सभी जानते हैं, मुझे कहने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने भाजपा सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनकी योजनाएं आम जनता के लाभ के लिए नहीं प्रचार के लिए हैं। रिकॉर्ड उठाकर देख लीजिए लाड्ली बहना योजना से अब तक सिर्फ नाम काटे गए हैं, जोड़े एक भी नहीं। तीन हजार रुपए देने का वादा किया था, 12 सौ से 15 सौ तक पहुंचे हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार की नियत में बड़ी खोट है, पहले किसान भाइयों से वादा किया कि मक्का का समर्थन मूल्य 2400 रुपए प्रति क्विंटल देंगे फिर वादे से मुकर गए। किसानों को तब भी विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ा और आज भी गेहूं उत्पादक किसानों के साथ वही हो रहा है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, विधानसभा प्रभारी गोविंद राय, पर्यवेक्षक मनीष पांडे, सरपंच झाडूलाल चौरे, ब्लॉक अध्यक्ष अजय पटेल, ब्लॉक समन्वयक सुखपाल पटेल, विधायक प्रतिनिधि जनपद पंचायत संतोष पटेल, राजकुमार पटेल, लालसिंग पटेल, कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष जय सक्सेना, जिला पंचायत सदस्य मनोज वानखेड़े, धनीराम वानखेड़े, प्रशांत गोलू पटेल, नारायण पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सेवकराम वर्मा, संतोष पटेल, उप सरपंच बल्ली चौरे सहित कांग्रेस के कार्यकर्तागण, किसान भाई, पोलिंग बूथ व कांग्रेस के कार्यकर्तागण सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
नकुलनाथ ने कांग्रेस के विभाग व प्रकोष्ठ अध्यक्षों को दिए निर्देश
कांग्रेस के विभाग एवं प्रकोष्ठों के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव व जिला अध्यक्षों की आवश्यक बैठक शिकारपुर कमलकुंज में हुई। आयोजित बैठक में सम्मिलित हुए पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा कि सभी अविलम्ब प्रकोष्ठों और विभागों में नियुक्तियां कर संगठन विस्तार पर ध्यान केन्द्रित करें। आयोजित बैठक में कांग्रेस के समस्त विभाग व प्रकोष्ठों के नवयुक्त प्रदेश महासचिव व जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।