भाजपा ने की सामाजिक समरसता संकल्प अभियान एवं गतिविधियों की समीक्षा
राजनीति
04-Aug-26
छिंदवाड़ा

भाजपा जिला कार्यालय में मंगलवार को जिला भाजपा की संगठनात्मक कामकाजी बैठक जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, विधायक कमलेश शाह, महापौर विक्रम अहके के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक समरसता संकल्प अभियान, प्रधानमंत्री के श्मन की बातश् कार्यक्रम तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: बबला शुक्ला
बैठक को संबोधित करते हुए जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता एवं अनुशासन के साथ धरातल पर उतारें। उन्होंने संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में संचालित सामाजिक समरसता संकल्प अभियान की मंडलवार समीक्षा करते हुए अभियान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी मंडलों की नियमित बैठकों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की भी समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री के आगमन को सफल बनाने जुट जाएं: शेषराव यादव
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के अनुरूप सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत मंडल स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता समाज में समरसता, सेवा और संगठन के संदेश को लेकर सक्रिय रूप से कार्य करे। उन्होंने आगामी 7 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित छिंदवाड़ा प्रवास को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया तथा संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने का संकल्प दोहराया गया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कमलेश उईके ने एवं आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष राजू नंदवंशी द्वारा किया गया।
बैठक में विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह, जिला महामंत्री विजय पांडे, महापौर विक्रम सिंह अहके, नत्थन शाह, ज्योति डेहरिया, लखन वर्मा, अखिलेश शुक्ला, बंटी पटेल, भारत घई, दिनेश अंगारिया, शैलेन्द्र पटेल, गोलू नागरे, स्मृति यादव, गरिमा दामोदर, नीलू निर्मलकर, दीपक नेमा सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।