मारूति 800 में ढोए जा रहे थे 18 विद्यार्थी
छिंदवाड़ा
04-Aug-26
परिवहन विभाग ने की उमरेठ क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सघन जांच
21 वाहनों पर 2 लाख 20 हजार 700 रूपये की चालानी कार्रवाई

छिन्दवाडा
मंगलवार को परिवहन विभाग के विशेष जांच दल द्वारा उमरेठ क्षेत्र में संचालित स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई जांच के दौरान छोटे-बड़े लगभग 15 स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहनों के समस्त दस्तावेज, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग तथा अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई।
जांच के दौरान विभिन्न कमियां पाए जाने पर स्कूल वाहन क्रमांक एमपी 28 सी 0669 (मारूति 800, निजी यान), जिसे स्कूल वाहन के रूप में संचालित किया जा रहा था, में लगभग 18 बच्चे बैठे पाए गए। वहीं वाहन क्रमांक एमपी 50 डीए 0340 (स्कूल बस) बिना फिटनेस एवं परमिट के संचालित पाई गई। दोनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ थाना परिसर उमरेठ में खड़ा कराया गया। इसके अतिरिक्त मोटरयान अधिनियम के तहत कमियां पाए जाने पर कुल 21 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई, जिससे 2,20,700 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। परिवहन विभाग द्वारा स्कूल वाहन संचालकों एवं चालकों को समझाइश दी गई कि वे मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें। अन्यथा कमियां पाए जाने पर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।