भाजपा का जुन्नारदेव में बैठक कर बूथ स्तर तक मजबूती का संकल्प
छिंदवाड़ा
06-May-26
छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में जुन्नारदेव विधानसभा की महत्वपूर्ण मासिक कामकाजी बैठक संपन्न हुई। इस रणनीतिक बैठक में विधानसभा क्षेत्र के सभी 6 मंडलों के मंडल अध्यक्ष, शक्तिकेंद्र प्रभारी एवं संयोजक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की गहन समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की व्यापक रूपरेखा तैयार की गई। विशेष रूप से संगठन के सशक्तिकरण, कार्यकर्ताओं की सक्रियता में वृद्धि एवं बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए ठोस रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का मूल बल उसका अनुशासित एवं समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर कार्ययोजना तय की गई तथा संगठन विस्तार को गति देने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक नथनशाह कवरेती, जिला महामंत्री कमलेश उइके, नगरपालिका जुन्नारदेव अध्यक्ष रमेश सालोडे, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सविता भोसाम, जनपद उपाध्यक्ष गोवर्धन यदुवंशी, उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, राजू नंदवंशी, अखिलेश शुक्ला, योगेश साहू, संजय पटेल, धर्मेंद्र मिगलानी, सोशल मीडिया प्रभारी पीयूष बत्रा एवं युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अंकित जैन सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।