भाजपा नेता ने भेजा 1 करोड़ की मानहानि का नोटिस
छिंदवाड़ा
28-Sep-26
दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस जांच जारी

छिंदवाड़ा अपडेट
गणेश विसर्जन की लगातार थका देने वाली ड्यूटी से जैसे-तैसे फ्री हुई सिटी कोतवाली पुलिस को एक राजनीतिक मामले ने पसीना झुड़ा दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए विवाद से जुड़ा है। गुलाबरा निवासी दीपिका मिलामपुरे ने पुलिस को शिकायत देकर योगेंद्र राणा, श्रद्धा पटेल और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। शिकायत के बाद दीपिका पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली थाने पहुंची थीं और रात से सुबह तक धरने पर बैठी रही थीं। युवती ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उनके घर पहुंचे और उनके साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी।
दूसरे पक्ष की शिकायत पर दीपिका के खिलाफ भी केस
विवाद में दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई। योगेंद्र राणा और श्रद्धा पटेल की ओर से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने दीपिका मिलामपुरे के खिलाफ भी प्रकरण क्रमांक 751/2026 दर्ज किया है। श्रद्धा पटेल की शिकायत के अनुसार दीपिका द्वारा फोन पर अभद्रता किए जाने के बाद वह अपने 17 वर्षीय भाई और सहेलियों अंजलि विश्वकर्मा व कशिश यादव के साथ दीपिका को समझाने उसके घर के सामने पहुंची थीं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान विवाद हुआ और हाथापाई की स्थिति बनी।
1 करोड़ का भेजा मानहानि नोटिस
गुलाबरा निवासी दीपिका मिलामपुरे द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने उन्हें 1 करोड़ रुपए की मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। राणा की ओर से अधिवक्ता संजय गुर्जर के माध्यम से भेजे गए नोटिस में शिकायतकर्ता को अपने आरोप न्यायालय में साबित करने की चुनौती दी गई है। राणा की ओर से सोमवार को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से नोटिस भेजे जाने की जानकारी दी गई। नोटिस में कहा गया है कि यदि लगाए गए आरोप न्यायालय में साबित नहीं होते हैं तो दीपिका मिलामपुरे को 1 करोड़ रुपए बतौर मानहानि देना होगा। योगेंद्र राणा का कहना है कि उन्हें विवाद में बिना वजह घसीटा गया, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि प्रभावित हुई है। इसी आधार पर उन्होंने कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया है।