Home News Helpline Classified Jobs About Contact

भाजपा ने किया लाड़ली बहनों के साथ छल: हंसा दाढ़े

भाजपा ने किया लाड़ली बहनों के साथ छल: हंसा दाढ़े
राजनीति
06-Oct-26
पंजीयन के नाम पर भ्रम फैलाकर बहन-बेटियों को दर-दर भटकाया

एक ओर नाम दर्ज किए जा रहे और दूसरी तरफ नवीन पंजीयन बंद होने का पर्चा भी चस्पा कर रहे

छिन्दवाड़ा अपडेट

छल और कपट की राजनीति करने वाली भाजपा सरकार ने लाड़ली बहनों को भी नहीं छोड़ा। पोर्टल बंद है नवीन नाम जोड़े नहीं जा सकते फिर भी वाहवाही लूटने और माहौल बनाने के लिए भाजपा ने लाड़ली बहनों के साथ छल और कपट किया है। भाजपा शासित नगर निगम में साफ तौर पर लिखा है कि लाड़ली बहना योजना में नवीन पंजीयन बंद है तो फिर इस बात को भाजपा सरकार ने पहले ही सार्वजनिक क्यों नहीं किया। विगत दिनों कई बहनों के नाम और मोबाइल नम्बर निगम में दर्ज किए गए क्या यह उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं है? उक्त उदगार नगर पालिक निगम में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हंसा अम्बर दाढ़े ने जारी बयान में भाजपा सरकार को घेरते हुए व्यक्त किए।

भाजपा के लिए अब बहनें लाड़ली नहीं रही, क्योंकि प्रदेश के मुख्यमंत्री भी मंच से कह रहे हैं कि महंगी पड़ रही है तो वहीं दूसरी ओर छिन्दवाड़ा में भाजपा शासित ननि बहनों को झूठा प्रलोभन देने, बरगलाने और गुमराह करने में जुटी है। नवीन पंजीयन बंद होने का पर्चा भी चस्पा कर दिया और रजिस्टर में कुछ महिलाओं के नाम भी लिख लिए। अब प्रश्न यह उठ रहा है कि यह दोहरा मापदंड चल रहा है या फिर भाजपा की झूठ और फरेब की राजनीति, जिसका मोहरा बहनों को बनाया जा रहा है? मेरी जिले की प्रत्येक माताओं व बहनों से आग्रह है कि भाजपा के द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम से बचकर रहें, क्योंकि विगत लगभग 22 वर्षों में भाजपा ने झूठ और लूट से ही सरकार बनाई है। खासकर बहनों को सबसे अधिक ठगा गया है, तीन हजार रुपए देने का वादा था आज 1500 से आगे नहीं बढ़ पाए हैं और अब तो स्वयं सीएम भी कह रहे कि बहनें महंगी पड़ गई।

श्रीमती दाढ़े ने सख्त लहजे में कहा कि भाजपा गुमराह करना बंद करें और सार्वजनिक करें कि लाड़ली बहना के नवीन पंजीयन बंद है। ताकि बहनें यहां-वहां भटकने से बचेंगी। अपनी झूठ की रोटी सेंकने के लिए बहनों की भावनाओं को जलाने की आवश्यकता नहीं है। सच्चाई बोलें, क्योंकि झूठ की परतें अब लगातार खुल रही है और भाजपा बेनकाब हो रही।  महिलाओं के नाम पर राजनीति और प्रचार बंद होना चाहिए। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के हित में काम करना चाहती है तो योजनाओं की स्पष्ट जानकारी, पारदर्शी पंजीयन व्यवस्था और समय पर लाभ सुनिश्चित करे।महिलाएं अब घोषणाएं नहीं, अपना अधिकार चाहती हैं। भाजपा सरकार को लाड़ली बहनों के नाम पर किए जा रहे इस छलावे का जवाब देना होगा।

उन्होंने जारी बयान के अंत में कहा कि कहा कि कांग्रेस स्पष्ट रूप से यह मांग करती है कि महिलाओं को पंजीयन प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और पात्र महिलाओं को बिना भटकाए योजना का लाभ दिया जाए।
Share News On