Home News Helpline Classified Jobs About Contact

भाजपा ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई महंगाई: विश्वनाथ ओक्टे

भाजपा ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई महंगाई: विश्वनाथ ओक्टे
राजनीति
03-Oct-26
हर दिन बढ़ती हुई महंगाई से जनता का बुरा हाल है और सत्तासीन मालामाल है

छिन्दवाड़ा अपडेट

शिक्षा समाज के हर वर्ग के लिए सुलभ व सुगम होनी चाहिए। शिक्षित समाज से शिक्षित राष्ट्र का निर्माण होता है। इसी मंशा को दृष्टिगत रखते हुए कांग्रेस ने गांव-गांव में स्कूलों की स्थापना की थी। बेरोजगारी और महंगाई से जनता को बचाकर सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया। किन्तु प्रदेश की लगभग 22 वर्ष और केन्द्र की 12 वर्ष की भाजपा सरकार ने शिक्षा की मूल जड़ में मठा डालने का काम किया है। बेरोजगारी और महंगाई ने इतिहास के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। फिर भी महंगाई के नाम पर छाती पीटने वाले भाजपाई चुप है। उक्त उदगार जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने मीडिया को दी जानकारी में कही।

उन्होंने कहा कि नागरिक हर दिन बढ़ती हुई महंगाई व बेरोजगारी से जूझ रही है। सेवा के नाम पर जनता तक भ्रष्टाचार पहुंचकर जनता का कल्याण पूरी तरह से कर दिया गया है। वर्ष 2014 में महंगाई को कम करने और प्रतिवर्ष 02 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का झांसा देकर सत्ता में आई केन्द्र की भाजपा सरकार ने खुलेआम आम आदमी की जेब खाली करने का काम किया है। भाजपा सेवा और जनकल्याण के झूठे शगूफे छोड़ना बंद करें, क्योंकि जमीनी स्तर पर कथनी और करणी में अंतर साफ नजर आ रहा है। जन का पूरी तरह से कल्याण कर चुकी भाजपा अब किस जनकल्याण की बात कर रही।

कांग्रेस के कार्यकाल में जिले के लिए स्वीकृत हुई विकास की तमाम योजनाएं बंद पड़ी है या फिर उनका बजट आधा कर दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ ने हमेशा ही शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दी, किन्तु भाजपा की सरकार में जिला मुख्यालय पर ही स्कूलों के हाल-बेहाल है। प्रश्न यह कि क्या भाजपा के जिम्मेदार शिक्षाविद जिनका शिक्षा का कारोबार है, उन्हें शिक्षा के मंदिर की दुर्दशा नजर आई या फिर कोरे और खोखले भाषण और बड़बोलेपन की दुनिया में व्यस्त है। ऐसा इसीलिये क्योंकि मोहन-मोदी गाथा में उन्हें हर चीज ठीक और दुरूस्त नजर आती है।

श्री ओकटे ने कहा कि भाजपा शिक्षा को उत्तम, महंगाई को निचले स्तर पर और बेरोजगारी पूरी तरह खत्म होने का बयान देकर अपनी अल्पबुद्धि का परिचय जनता के समक्ष अवश्य प्रस्तुत करेगी, लेकिन जिन स्कूलों के भवन जर्जर है, पेयजल के इंतजाम नहीं है, वहां व्यवस्था बनाने का जरा भी प्रयास नहीं करेगी, क्योंकि भाजपा की रीति में ही शामिल है कुछ भी हो जाए झूठ बोलो और जोर जोर से बोलो ताकि जनता उसे सच समझने लगे। भाजपा सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई, अशिक्षा, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है। इन्हें जड़ से खत्म करने का संकल्प लें भाजपा सरकार।
Share News On