प्रशासनिक टीम के साथ कलेक्टर ने बड़कुही में लगाया जनसंवाद शिविर
छिंदवाड़ा
03-Oct-26
सिविल अस्पताल, पोषण पुनर्वास केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
शिविर लगाकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं

छिन्दवाडा अपडेट
जनसंवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान और लोकसेवाओं की सुगमता के उद्देश्य से 7 अगस्त 2026 से शुरू किए गए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत आठवें सप्ताह शुक्रवार को शासकीय अवकाश होने के कारण शनिवार 03 अक्टूबर को जिले के सभी जिला स्तरीय, अनुविभागीय एवं खण्डस्तरीय अधिकारी फील्ड पर पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हरेंद्र नारायन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की टीम के साथ विकासखंड परासिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध जन सुविधाओं, व्यवस्थाओं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम परासिया शुभम कुमार यादव भी उनके साथ थे।
कलेक्टर ने किया माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर परासिया का निरीक्षण
कलेक्टर श्री नारायन ने माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, परासिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। छात्राओं से सहज संवाद करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने उनकी जिज्ञासाओं को सुना और पढ़ाई के साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के अंत में कलेक्टर श्री नारायन ने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार ने भी छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन दिया। निरीक्षण के दौरान संस्था प्राचार्य श्रीमती सविता डेहरिया, अधीक्षिका श्रीमती ऊषा भलावी और समस्त स्टाफ उपस्थित था।
सिविल हॉस्पिटल परासिया का किया निरीक्षण कर मरीजों एवं परिजनों से भी चर्चा
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री नारायन ने सिविल हॉस्पिटल परासिया का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण कक्ष, इंजेक्शन कक्ष, जनरल ओपीडी, पीडियाट्रिक ओपीडी, परामर्श कक्ष, फीमेल एंड चाइल्ड वार्ड, इमरजेंसी विभाग तथा नर्सिंग स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही दवाइयों, एंटी स्नेक वेनम, एंटी रैबीज वैक्सीन आदि की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री नारायन ने पंजीकरण कक्ष में गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए चेयर की व्यवस्था करने और आवश्यक दवाईयाँ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी स्नेक वेनम और एंटी रैबीज वैक्सीन भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने नर्सिंग स्टाफ से चर्चा कर स्नेक बाइट के पीड़ित के ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल की जानकारी प्राप्त की और उनकी दक्षता का आंकलन किया। उन्होंने मरीजों और परिजनों से भी संवाद किया और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक प्राप्त किए। कलेक्टर श्री नारायन ने अस्पताल परिसर में नियमित साफ - सफाई की गुणवत्ता और सुधारने के निर्देश दिए हैं।
पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण, बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्री नारायन ने पोषण पुनर्वास केंद्र परासिया का भी औचक निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री नारायन ने केंद्र में बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और पोषण स्तर में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार पौष्टिक आहार एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने भर्ती बच्चों की माताओं से भी संवाद किया और मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री नारायन ने बच्चों की माताओं को नियमित भोजन से मिलने वाले पोषण के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए। इस दौरान बीएमओ परासिया डॉ. अंकित सहलाम, एनआरसी केंद्र के फीडिंग डेमोंस्ट्रेटर, केयर टेकर और एएनएम भी उपस्थित थे।
बड़कुही में सुनी क्षेत्रवासियों की समस्याएं, बैंक अधिकारी को लगाई फटकार
निरीक्षण के बाद कलेक्टर श्री नारायन सभी अधिकारियों के साथ नगर परिषद बड़कुही में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में पहुंचे और समक्ष में एक - एक कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
शिकायत कर्ता श्री राधेश्याम ने फसल बीमा का लाभ न मिलने की शिकायत की, जिसमें सामने आया कि हितग्राही का आधार नहीं होने के कारण बैंक अधिकारी की लापरवाही के कारण राशि वापिस हो गई। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने बैंक अधिकारी पर नाराजगी जाहिर की और लीड बैंक मैनेजर को ऐसे सभी प्रकरण आगामी डीएलसीसी बैठक में समीक्षा के लिए रखने के निर्देश दिए। कृषक जगदीश रघुवंशी ने खाद नहीं मिलने के संबंध में शिकायत की, कृषि अधिकारी ने बताया कि ओटीपी न आने के कारण यह समस्या हुई थी, जिसका समाधान कर दिया गया है। इसी तरह नरेंद्र यादव ने सड़क सुधार के संबंध में, श्री अजर ने नल जल योजना में सुधार के लिए, श्री लीलाधर ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की, कलेक्टर श्री नारायन ने तहसीलदार को तत्काल सीमांकन कर आवश्यक कार्यवाही करने और समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। शबाना अंजुम ने नजूल रिकॉर्ड में हुई तकनीकी समस्या के कारण हुई त्रुटि के संबंध में शिकायत की, कलेक्टर श्री नारायन ने तहसीलदार को शीघ्र तकनीकी समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
इसी तरह उन्होंने अनुग्रह सहायता दिलाने, अधूरे निर्माण पूर्ण कराने सहित अन्य समस्याएं भी सुनी और सम्बंधित अधिकारियों को तत्परता से आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। आदिवासी कन्या छात्रावास पगारा की छात्राओं द्वारा भोजन में इल्ली मिलने की शिकायत की गई, जिस पर कलेक्टर श्री नारायन ने नाराजगी जाहिर की और जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए। कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस दौरान परासिया विधायक श्री सोहनलाल वाल्मीक, न्यूटन, चांदामेटा बुटरिया, बड़कुही नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, परासिया नगर के उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक श्री ताराचंद बावरिया, श्रीमती ज्योति डेहरिया सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारीगण, सभी संबंधित नगरीय निकायों के सीएमओ, जनपद सीईओ श्रीमती वर्षा झारिया सहित खंड स्तरीय अधिकारी, क्षेत्र के उद्यमी, स्व सहायता समूह की दीदियां और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे।